घरों में अदा की नमाज, आनलाइन दीं ईद की बधाइयां
ईद उल फितर का पर्व शुक्रवार को सरकारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए लोगों ने अपने घरों में मनाया।
संवाद सहयोगी, कादियां : ईद उल फितर का पर्व शुक्रवार को सरकारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए लोगों ने अपने घरों में मनाया। घर के बड़े सदस्यों ने ईद की नमाज अदा करवाई, खुतबा ईद दिया और सामूहिक दुआ की गई। आम लोगों के लिए मस्जिदों के दरवाजे बंद थे। केवल तीन व्यक्ति जो मस्जिद की देखभाल करते हैं, को ही नमाज अदा करने की आज्ञा थी।
ईद के दिन स्वादिष्ट पकवान बनाने, नए कपड़े पहनने और खुशबू लगाने की सुन्नत हजरत मोहम्मद साहिब के समय से चली आ रही है। इसका पालन करते हुए मुसलमानों ने इस सुन्नत को अदा किया जो कोरोना को मात देने के लिए बेहतरीन उपाए हैं। ईद के दिन लोग एक-दूसरे के गले नहीं मिले और न ही छोटे बच्चों को ईद दी गई, मगर कैश लैस डिजिटल प्रणाली का लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। ईद के दिन सोशल मीडिया पर लोग छाए रहे। जूम और व्हट्सएप एप के माध्यम अपनों को ईद की बधाई देते रहे। इस दिन गरीबों और बीमारों तक भी सहायता पहुंचाई गई। लड़कियों ने ईद के दिन डिजाइनर सुंदर मेहंदी भी लगाई। इस अवसर पर क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक हर वर्ग के लोगों ने अपने मुस्लमान भाइयों के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से ईद को खुशी को सांझा किया और कोरोना मुक्त संसार की कामना की।