केंद्रीय जेल में सोने की जगह को लेकर भिड़े कैदी, दो घायल
केंद्रीय जेल में बैरक के अंदर अपना अड्डा लगाने को लेकर सात कैदी आपस में भिड़ गए।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : केंद्रीय जेल में बैरक के अंदर अपना अड्डा लगाने को लेकर सात कैदी आपस में भिड़ गए। इनमें से दो कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, जेल प्रशासन ने जेल के अंदर उत्पात मचाने और अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए इन सभी के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज किया है। घटना सोमवार सुबह 11.45 की है।
बता दें कि केंद्रीय जेल में बैरक नंबर-2 और बैरक नंबर -6 के कैदी भिड़ गए। हालांकि झगड़ा बैरक नंबर-2 के कैदियों का ही था, लेकिन इसमें बैरक नंबर-6 के कैदी भी कूद पड़े। जेल के डिप्टी अधीक्षक सतनाम सिंह का कहना है कि जेल के अंदर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि झगड़ा करने वाले सभी कैदियों पर काबू पा लिया गया था। भविष्य में ऐसी घटना न घटित हो, इसके चलते इनमें से कुछ लोगों को अन्य जेल में शिफ्ट किया जाएगा।
काबिलेजिक्र है कि सोमवार को जेल प्रशासन की ओर से जब कैदियों को जेल के अंदर घूमने के लिए छूट दी गई तो गोपी गोली गैंग और शिवसेना बाल ठाकरे के नेता की हत्या करने के मामले में सजा भुगत रहे सनी मसीह के गैंग आपस में भिड़ गए। झगड़े की सूचना मिलते ही तुरंत जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस कर्मचारी बड़ी तादाद में जेल के अंदर पहुंच गए और दोनों पक्षों के लोगों को अपनी हिरासत में लिया। इस झगड़े में सनी मसीह पुत्र ताजा मसीह गांव गोहत पोखर, अवतार सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी गांव जोगी चीमा गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि घायल कैदी सनी जेल में कत्ल केस के संबंध में सजा भुगत रहा है, जबकि अवतार 376 के केस में जेल में बंद है। सिविल अस्पताल में जानकारी देते हुए सनी मसीह ने बताया कि जेल में गोपी गोली गैंग के सदस्य के साथ उनकी गत दिन बैरक में सोने की जगह को लेकर बहसबाजी हुई थी। सोमवार को जब जेल प्रशासन ने उनको जेल के अंदर घूमने के लिए छूट दी तो गोपी गोली गैंग के सदस्यों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। चम्मचों को बनाया हथियार
घायल सनी मसीह ने बताया कि गोपी गैंग के सदस्यों ने चम्मचों को धारदार करके उससे उन पर वार किए। उन दोनों के शरीर पर जख्म के गहरे वार हैं। उनको जेल प्रशासन द्वारा खून से लथपथ होने पर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गौरतलब है कि जेल में कैदियों को जिन बर्तनों में खाना दिया जाता है, कैदी उन्हीं बर्तनों को अपना हथियार बनाकर एक दूसरे पर हमला करते हैं। गोपी गैंग करता है मनमानी
सिविल में दाखिल सनी मसीह पुत्र ताजा मसीह ने बताया कि गोपी गैंग के सदस्यों ने चम्मच को कटर बनाकर उनके हाथ, बाजू और शरीर के अन्य जगहों पर गहरे घाव किए। उसने आरोप लगाया कि जेल में गोपी गैंग अपनी मनमानी करता है और बाकी कैदियों को परेशान किया जाता है। इन कैदियों में हुआ झगड़ा
बैरक नंबर दो के परमजीत सिंह, इसका साथी हवालाती हरजंत सिंह, सनी मसीह, हवालाती भारत गिल, हवालाती संदीप सिंह। बैरक नंबर-6 के लक्की मसीह, धर्मेद्र सिंह, अवतार सिंह, गुरप्रीत सिंहआदि। कौन सा कैदी किस केस में बंद
-हरजंत सिंह तस्करी।
-हलावाती गुरप्रीत सिंह तस्करी।
-हवालाती सनी मसीह हत्या।
-हवालाती भारत गिल तस्करी।
-हवालाती संदीप सिंह हत्या।
-कैदी परमजीत सिंह दुष्कर्म।
-राकेश मसीह हत्या।
-धर्मेंद्र सिंह हत्या।
-अवतार सिंह छेड़छाड़।