कांग्रेसियों ने मोदी सरकार का जलाया पुतला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के शासनकाल में बढ़ रहे भ्रष्टाचार बेरोजगारी बेलगाम महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के शासनकाल में बढ़ रहे भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बेलगाम महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने हनुमान चौक में मोदी सरकार का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। इससे पहले कांग्रेस नेताओं व वर्करों ने शहर में रोष मार्च भी निकाला। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता चेयरमैन लेबर सेल पंजाब गुरमीत सिंह पाहड़ा, सिटी कांग्रेस के प्रधान दर्शन महाजन, ब्लाक प्रधान परमजीत सिंह कर रहे थे।
चेयरमैन गुरमीत सिंह पाहड़ा ने कहा कि मोदी सरकार 2014 में केंद्र की सत्ता पर काबिज हुई थी। इस सरकार ने पांच-छह वर्षो में ही भ्रष्टाचार की हदें पार कर दी। बेरोजगारी कम होने की बजाए बढ़ रही है और देश भारी आर्थिक मंदी में गुजर रहा है। देश के दर्जनों बड़े सार्वजनिक विभाग तबाह हो चुके हैं और महंगाई चरम सीमा पर है। दर्शन महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेसी नेता संजीप बाटू, गोल्डी, केपी पाहड़ा, सुरिदर शर्मा, पुरुषोत्तम कुमार आदि उपस्थित थे।