कांग्रेस सरकार ने झूठे वादे कर सत्ता हासिल की : माहल
कांग्रेस राज में पंजाब के नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है।
संवाद सहयोगी, कादियां : कांग्रेस राज में पंजाब के नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। नौजवान नशे के आदी बन रहे हैं। पंजाब के विभिन्न शहरों और गांवों में चिट्टा नशा बिक रहा है। इसकी जिम्मेदार पंजाब सरकार है। उक्त विचार हकला कादियां से शिरोमणि अकाली दल बादल के जत्थेबंदक सचिव गुरइकबाल सिंह माहल ने व्यक्त किए।
माहल ने कहा कि पंजाब के बाहरी राज्यों में बिजली सस्ती है, परंतु पंजाब में बिजली दिन प्रतिदिन महंगी हो रही है। इससे गरीब लोगों का कचूमर निकल गया है। सामान्य वर्ग के लोग भी परेशान हो गए हैं। इसे शिरोमणि अकाली दल कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा पंजाब को दो-दो हाथों से लूटा जा रहा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह ने कुर्सी संभालने से पहले नौजवानों को रोजगार देने, बेरोजगारी भत्ता देने और कई प्रकार के लालच की घोषण की थी, जिसे पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में लूटपाट, चोरी की वारदातें आम हो चुकी हैं। पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम है। इससे लोग सहम गए हैं। अकाली भाजपा सरकार के दौर में लोगों का जीवन खुशहाल था। आज पंजाब को यदि बचाना है तो सूबे में शिरोमणि अकाली दल को दोबारा सता सौपकर ही संभव हो सकता है और पंजाब का विकास संभव हो सकता है।