बटाला में मैनहोल में गिरने से बाबे दी बरात में शामिल पांच साल के बच्चे की मौत
श्री गुरु नानक देव जी की बरात के रूप में निकले नगर कीर्तन में शामिल पांच साल के बच्चे की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई।
जेएनएन, बटाला। श्री गुरु नानक देव जी की बरात के रूप में निकले नगर कीर्तन में शामिल पांच साल के बच्चे की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की है। रातभर गांव छित के रहने वाले लखबीर सिंह व नवदीप कौर अपने बच्चे गुरनूर को ढूंढते रहे।
देर रात को थाना सिविल लाइन पुलिस को परिजनों ने गुरनूर की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। सुबह सिविल अस्पताल की दीवार के पास कच्चे राह पर खुले मैनहोल में गुरनूर की चप्पल दिखी, जिसके बाद सुबह साढ़े सात बजे शव निकाला गया। इसके बाद लोगों ने सुबह नौ बजे बच्चे के शव को गांधी चौक में रखकर प्रशासन के खिलाफ धरना लगाया। इससे चारों तरफ से जाम लग गया।
धरने में शिअद व आम आदमी पार्टी के नेता भी शामिल हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चार घंटे जाम लगने के बाद पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इस मामले में जिम्मेदार नगर कौंसिल प्रधान नरेश महाजन, ईओ भूपिंद्र सिंह व सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया।
इसके बाद धरना हटाया गया। गुरनूर की मौत के मामले में थाना सिविल लाइन के मुंशी को सस्पेंड कर दिया गया है। अभिभावकों का आरोप था कि वे रात को गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए थाना सिविल लाइन में मुंशी के पास गए तो उसने उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। डीएसपी प्रह्लाद सिंह का कहना है कि गुरनूर के पिता के बयानों पर कौंसिल अधिकारियों पर केस दर्ज किया गया है। अभी मामले की जांच चल रही है।