बच्चों ने रैली निकाल दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बहरामपुर रोड पर स्थित लिटिल स्टार मॉडर्न स्कूल में प्रिसिपल कुलदीप कौर मान की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने व स्वछता को बनाए रखने के लिए गाव में जागरूकता रैली निकाली गई।
संवाद सहयोगी, दीनानगर : बहरामपुर रोड पर स्थित लिटिल स्टार मॉडर्न स्कूल में प्रिसिपल कुलदीप कौर मान की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने व स्वच्छता को बनाए रखने के लिए गाव में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें स्कूल के बच्चों ने भी बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
प्रिसिपल कुलदीप कौर मान ने बच्चों व गांववासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के लिए बहुत से कारण जिम्मेदार हैं। इनमें प्लास्टिक एक बहुत बड़ा खतरा बनकर उभरा है। दिन की शुरुआत से लेकर रात में बिस्तर में जाने तक अगर ध्यान से गौर किया जाए तो आप पाएंगे कि प्लास्टिक ने किसी न किसी रूप में आपके हर पल पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि टूथब्रश से सुबह ब्रश करना हो या ऑफिस में दिन भर कम्प्यूटर पर काम, बाजार से कोई सामान लाना हो या टिफिन और वॉटर बॉटल में खाना और पानी लेकर चलना। प्लास्टिक हर जगह है और हर समय हमारे साथ है। पेयजल को प्रदूषित कर रहा प्लास्टिक का कचरा
प्रिसिपल कुलदीप कौर मान ने बताया कि पूरे विश्व में प्लास्टिक का उपयोग इस कदर बढ़ चुका है और हर साल पूरे विश्व में इतना प्लास्टिक फेंका जाता है कि इससे पूरी पृथ्वी के चार घेरे बन जाएं। हम घरों का जो कचरा फैंकते हैं उसमें प्लास्टिक का एक बड़ा हिस्सा होता है। क्या आप ने कभी सोचा यह कचरा जाता कहां हैं? उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर सभी देशों में प्लास्टिक का इस्तेमाल इतना बढ़ चुका है कि वर्तमान में प्लास्टिक के रूप में निकलने वाला कचरा विश्व पर्यावरण विद्वानों के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। अक्सर ऐसे कचरे को जमीन में भी दबा दिया जाता है। जमीन में दबा यह कचरा पानी के स्त्रोतों को प्रदूषित कर हमारे जीवन के लिए बड़े खतरे के रूप में सामने आता है। प्लास्टिक की चीजें, जितनी भी आप सोच सकते हैं, अक्सर ही पानी के स्त्रोतों में बहुत ज्यादा मात्रा में पड़ी मिलती हैं। इसलिए हमें सभी को मिलकर पर्यावरण सरंक्षण की और ध्यान देना चाहिए और प्लास्टिक का प्रयोग नही करनी चाहिए।