भर्ती में पक्षपात का आरोप लगाते हुए युवाओं ने किया प्रदर्शन
पंजाब सरकार द्वारा जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिस्ट को लेकर नौजवान लड़के लड़कियों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए बहु तकनीकी कालेज के राजीव गांधी स्टेडियम में जोरदार प्रदर्शन किया।
By Jagran Publish Date: Mon, 29 Nov 2021 05:05 PM (IST)Updated Date: Mon, 29 Nov 2021 05:05 PM (IST)
भर्ती में पक्षपात का आरोप लगाते हुए युवाओं ने किया प्रदर्शन
संवाद सूत्र, बटाला : पंजाब सरकार द्वारा जारी पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिस्ट को लेकर नौजवान लड़के लड़कियों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए बहु तकनीकी कालेज के राजीव गांधी स्टेडियम में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में पंजाब सरकार मुर्दाबाद, साड्डा हक एथे रख तथा पंजाबियों को पहल के आधार पर नौकरी दो के बैनर व तख्तियां हाथों में उठाए हुए थे।
प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया की जो लिस्ट सरकार द्वारा जारी की गई है, वह अधूरी है। इस लिस्ट में पंजाब सरकार ने अपने चहेतों के नाम डालकर पंजाबी नौजवानों को गुमराह किया है। उन्होंने पंजाब सरकार से ओपन ट्रायल कराने की जोरदार मांग की।
प्रदर्शनकारियों का साथ देने राजीव गांधी स्टेडियम में पहुंचे बटाला के समाज सेवक जगजोत सिंह संधू ने पंजाब सरकार से मांग करते हुए कहा कि वे पंजाबियों को मुफ्त में दी जाने वाली आटा दाल एवं बिजली की स्कीमों को बंद करके पंजाबियों को रोजगार के साधन और नौजवानों को सरकारी नौकरी मुहैया कराए। पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए जगजोत संधू ने कहा कि इसकी नालायकी के कारण ही आज का पंजाबी युवा अपने भविष्य की चिता करते हुए विदेशों का रुख कर रहा है। यहां रहने वाला अधिकतर युवा नशों की गिरफ्त में आ रहा है।