स्पेशल ट्रेन से 1195 मजदूर उत्तर प्रदेश के लिए रवाना
घर वापसी की मांग को लेकर गत वीरवार को उत्तर प्रदेश के मजदूरों द्वारा प्रदर्शन के बाद विधायक बरिदरमीत सिंह पाहड़ा ने उन्हें कुछ दिनों के भीतर घर पहुंचाने का वादा किया था।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : घर वापसी की मांग को लेकर गत वीरवार को उत्तर प्रदेश के मजदूरों द्वारा प्रदर्शन के बाद विधायक बरिदरमीत सिंह पाहड़ा ने उन्हें कुछ दिनों के भीतर घर पहुंचाने का वादा किया था। विधायक के प्रयासों से मंगलवार को उत्तर प्रदेश के लिए यहां से एक विशेष ट्रेन चलाई गई। इसमें 1195 मजदूरों को घर भेजा गया। ट्रेन को विधायक बरिदरमीत सिंह पाहड़ा ने रवाना किया। इस मौके पर एडीसी तेजिदरपाल सिंह संधू व यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा भी उपस्थित थे। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही मीडिया कर्मियों के जाने पर पाबंदी लगाई थी।
लॉकडाउन व कर्फ्यू के कारण करीब दो माह से काम नहीं मिलने से मजदूरों के लिए रोजी रोटी चलाना भी मुश्किल हो गया था। वीरवार को सैकड़ों मजदूर पैदल ही उत्तर प्रदेश के लिए निकले थे। विधायक पाहड़ा ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें जल्द से जल्द घर भेजने का प्रबंध कर दिया जाएगा। तब तक उनके खाने पीने का प्रबंध भी वे खुद करवाएंगे। विधायक पाहड़ा ने बताया कि तीन दिन पहले उक्त सभी मजदूर घरों को जाने के लिए रोड पर निकल आए थे। उन्होंने घर भेजने के लिए दो तीन दिन का समय मांगा था। उन्होंने अपने कार्यालय में सभी लोगों की लिस्टें तैयार की, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा सहयोग किया गया। 1195 लोगों को पंजाब सरकार के खर्च पर यूपी भेजा गया है।
मजदूर राजेश, जोगिदर कुमार, विजय शर्मा ने बताया कि विधायक पाहड़ा ने उन्हें कुछ दिन में उत्तर प्रदेश भेजने का आश्वासन दिलाया था। इसे पूरा करते हुए उन्हें यूपी भेजा जा रहा है।