फिरोजपुर में फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने पर महिला से दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की धमकी दे ऐंठे लाखों
फिरोजपुर में एक व्यक्ति ने महिला को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। रिक्वेस्ट एक्सेप्ट न करने पर उसने उसकी अश्लील फोटो बना दी और फिर इन्हें डिलीट करने के बहाने बुलाया व दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने उसकी वीडियो बना दी।
जेएनएन, फिरोजपुर। एक व्यक्ति ने फेसबुक पर फिरोजपुर की महिला को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज दी। महिला ने उसकी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं की तो उसने उसकी फोटो से छेड़छाड़ करते हुए उसे अश्लील रूप दे दिया और इसे महिला को भेज दिया। इससे महिला घबरा गई। फोटो डिलीट करने के लिए व्यक्ति ने महिला को बुलाया और पिस्तौल के दम पर दुष्कर्म कर इसकी वीडियो बना थी। इसके बाद वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्कैलमेल कर लाखों हड़प लिए। मामला फिरोजपुर सिटी थाने का है। पीड़ित महिला ने तंग आकर परिवार से बात की तो परिवार ने आरोपित के खिलाफ पुलिस को शिकायत की तो पुलिस ने आरोपित पर केस दर्ज किया।
महिला के मुताबिक पीड़ित महिला ने कहा आपत्तिजनक फोटो देखकर वह काफी घबरा गई। उसने आरोपित से सीधी बात कर फोटो डिलीट करने को कहा। आरोपित ने कहा कि इसके लिए उसे उसको मिलने आना पड़ेगा। आरोपित ने फोटो डिलीट करने के बहाने पीड़िता को शहर के नामदेव चौक पर बुलाया। पीड़ित महिला जब वहां पहुंची तो आरोपित ने उसे गाड़ी में बैठाते ही कनपट्टी पर पिस्तौल तान दी।
महिला के मुताबिक आरोपित ने इसके बाद उससे दुष्कर्म किया और इसकी वीडियो भी बना दी। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित उससे पैसे लेता रहा। आरोपित ने उससे चार से पांच लाख के करीब हड़प लिए।इस मामले में थाना सिटी फिरोजपुर की पुलिस ने एक व्यक्ति खिलाफ 376 आइपीसी के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह ने बताया कि आरोपित साहिल दीप पुत्र मोहन लाल निवासी बडे मंदिर वाली गली चौक घुमारों वाला ममदोट जिला फिरोजपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपित फरार है। आरोपित ने पीड़ित महिला से दुष्कर्म करते हुए उसका वीडियो भी बनाया है। आरोपित वीडियो दिखाकर महिला को ब्लैकमेल करता रहा और उससे लाखों रुपयेे भी वसूल लिए। आरोपित की तलाश जारी है।