घर-घर जाकर विवरणों की पड़ताल करें
डीसी कुलवंत सिंह ने दो दिवसीय जनगणना 2021 प्रशिक्षण दौरान प्रभारी अफसरों को शहीद भगत सिंह स्टेट टेक्निकल कैंपस में अहम जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : डीसी कुलवंत सिंह ने दो दिवसीय जनगणना 2021 प्रशिक्षण दौरान प्रभारी अफसरों को शहीद भगत सिंह स्टेट टेक्निकल कैंपस में अहम जानकारी दी। डिप्टी डायरेक्टर लछमण सिंह और जिला को-आर्डिनेटर अरविंदर नेगी भी उपस्थित रहे। डीसी सिंह ने बताया कि किसी भी देश की जनगणना बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य होती है, क्योंकि इसी जनगणना के आधार पर ही देश की आर्थिक, सामाजिक और ओर नीतियां तैयार होती हैं। इसलिए जरूरी होता है कि यह जनगणना बिल्कुल सही और आंकड़ों पर आधारित ही की जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते कहा कि इस जनगणना को सही ढंग के साथ मुकम्मल करवाया जाए। लोगों का सही डाटा नोट करवाया जाए। प्रशिक्षण के दौरान लछमण सिंह ने बताया कि यह जनगणना दो चरणों में की जाएगी। पहले दौर में घरों की संख्या और नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर को अपडेट किया जाना है जो कि फील्ड में 15 मई से 30 जून तक किया जाएगा और दूसरे दौर का काम फरवरी 2021 में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2021 की जनगणना भारत के इतिहास में पहली डिजिटल जनगणना है।