सुखबीर बोले, बापू दे राज विच्च कुंडियां पांदे सी ते हुण मीटर वी कट के ले जांदे ने
फिरोजपुर शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने फिरोजपुर कैंट में रैली के दौरान कांग्रेसियों पर तंज कसते कहा कि बापू (बादल) दे राज विच्च कुंडियां पांदे सी ते हुण मीटर ही कट के ले जांदे ने।
तरुण जैन, फिरोजपुर : शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने फिरोजपुर कैंट में रैली के दौरान कांग्रेसियों पर तंज कसते कहा कि बापू (बादल) दे राज विच्च कुंडियां पांदे सी ते हुण मीटर ही कट के ले जांदे ने। उन्होंने ध्यान सिंह मंड व दादूवाल को कांग्रेस का एजेंट बताया और कहा कि पंजाब में इन दिनों गुंडा राज चल रहा है और गुटका साहिब की सौगंध खाकर कैप्टन ने पंजाबियों के अलावा गुरु साहिबान के साथ धोखा किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रोजाना कांग्रेस के बड़े नेताओं की दादूवाल और मंड के साथ फोन पर बातचीत होती है। बेअदबी मुद्दे को लेकर मात्र उन्हें बदनाम किया जा रहा है। सुखबीर ने कहा कि कैप्टन अब इस्तीफा देने की तैयारी करें, क्योंकि न तो गरीबों को पेंशन मिल रही है और न ही किसानों का कर्ज माफ हुआ है।
शिअद वर्करों को धमकाना बंद करें पिंकी
सुखबीर ने स्थानीय विधायक परमिंदर सिंह पिकी को चेतावनी दी कि पिंकी अकाली वर्करों को धमकाना बंद करे, अगर किसी वर्कर के साथ धक्केशाही हुई तो पिकी को बख्शा नहीं जाएगा। शिअद प्रत्याशी ने किसानों से वादा किया है कि उनकी भूमि की मलकियत को लेकर चल रहे मामले को भी सत्ता में आने के बाद जल्द हल करवाया जाएगा। यह चुनाव क्षेत्र के विकास की लड़ाई का है।
पांच लोगों की कटी जेबें
रैली में करीब पांच लोगों की जेबे कटी हैं। इससे पहले बिक्रम सिंह मजीठिया की रैली में दो पत्रकारों, पुलिसवालों और कुछ अन्य लोगों की जेबें कटी थी। बेशक पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे है, लेकिन जेब कतरों को पकड़ने में पुलिस भी फिसड्डी साबित हुई है।