त्योहारों में घर जाने में नहीं होगी दिक्कत, यूपी-बिहार वालों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन; चेक करें रूट
रेलवे ने आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के बीच एक आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
-1791202509829_m.webp)
फिरोजपुर-पूर्णिया त्योहार स्पेशल ट्रेन, यूपी-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत।
HighLights
फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के बीच चलेगी त्योहार स्पेशल ट्रेन
ट्रेन 8 अक्टूबर से 28 नवंबर तक कुल आठ फेरे लगाएगी
पंजाब-बिहार के यात्रियों को त्योहारों में मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
ट्रेन संख्या 04634/04633 फिरोजपुर कैंट-पूर्णिया-फिरोजपुर कैंट के दोनों दिशाओं में आठ-आठ फेरे होंगे। ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को पूर्णिया से फिरोजपुर कैंट के लिए चलेगी।
सीनियर डीसीएम बसंत कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 04634 फिरोजपुर कैंट से शाम 5:30 बजे रवाना होकर करीब 33 घंटे 30 मिनट बाद अगले दिन रात 3 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04633 पूर्णिया से सुबह 6 बजे रवाना होकर करीब 34 घंटे 35 मिनट का सफर तय करने के बाद अगले दिन शाम 4:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव मक्खू, लोहियां खास, नकोदर, फिल्लौर, ढंडारी कलां, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नौगछिया और कटिहार स्टेशनों पर रहेगा।
ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के पांच, स्लीपर के छह और सामान्य श्रेणी के पांच कोच होंगे। रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान पंजाब से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। सीनियर डीसीएम ने यात्रियों से त्योहार स्पेशल ट्रेन का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
