मैरिज पैलेस में पूर्व सरपंच को मारी गोली, मौत
अबोहर तहसील के गांव खुइयां सरवर के मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया।
जागरण संवाददाता, अबोहर : अबोहर तहसील के गांव खुइयां सरवर के मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते-देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गांव हरिपुरा के मौजूदा पंच ने पूर्व सरपंच को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस झगड़े में दो लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर होते देख उन्हें श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। विवाद की वजह पंचायत चुनाव में दोनों पक्षों में हुई तकरार भी माना जा रहा है।
उधर, रविवार को गांव में ही एक महिला की अपने बच्चे के साथ डिग्गी में छलांग लगाकर मौत के मामले में हुई पंचायत के दौरान भी दोनों पक्षों में विवाद होना बताया जा रहा है। अबोहर-श्रीगंगानगर रोड पर गांव खुइयां सरवर के एक रिजोर्ट में सोमवार को शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान गांव हरिपुरा के ही दो पक्ष आपस में भिड़ गए। गांव हरिपुरा के ही पंच ने पिस्तौल से छह गोलियां दाग दीं। पूर्व सरपंच महेंद्र कुमार (60) पुत्र राजा राम, नीरज पुत्र राम मूर्ति, भरत लाल पुत्र पृथ्वी घायल हो गए। पैलेस में मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां अस्पताल पहुंचते ही महेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनके ऑपरेशन किए गए हैं। थाना खुइयां सरवर के प्रभारी परमजीत व अन्य पुलिस कर्मचारी वहां पहुंचे। पुलिस ने बताया कि गोलियां चलाने वाला व्यक्ति फरार है और घायलों की हालत में सुधार होने पर उनके बयान कलमबद्ध कर कार्रवाई की जाएगी। शाम तक मृतक का शव अबोहर के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
आरोपित का लुकआउट नोटिस जारी
थाना खुईयां पुलिस ने पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के थानों को एक नोटिस जारी किया है कि ढाणी हरिपुरा निवासी लोकेश गोदारा पुत्र ओम प्रकाश गोदारा ने शादी समारोह के दौरान खुइयां सरवर के पूर्व सरपंच महेंद्र कुमार, नीरज, भरत लाल पर गोलियां चलाई हैं। अगर किसी को भी लोकेश गोदारा कहीं भी मिले तो उसे राउंडअप करके खुइयां सरवर पुलिस को सूचित किया जाए।