रोजाना 1400 लोगों को सुबह व शाम भोजन करवा रही शिवसेना
प्रशासनिक अधिकारी पुलिस अधिकारी व कर्मी डॅाक्टर व स्टाफ दिन रात एक किए हुए हैं।
मोहित गिल्होत्रा, फाजिल्का : कोरोना को लेकर लड़ी जा रही लड़ाई में जहां प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी व कर्मी, डॅाक्टर व स्टाफ दिन रात एक किए हुए हैं। वहीं गरीब लोगों का पेट भरने में कई संस्थाएं अपना फर्ज निभा रही हैं। फाजिल्का की शिवसेना संस्था रोजाना 1400 लोगों को सुबह व शाम भोजन करवा रही है। हालांकि प्रशासन ने केवल 1200 लोगों की ही लिस्ट संस्था को दी थी, लेकिन उनकी ओर से अन्य मोहल्लों के लोगों को भी भोजन करवाया जा रहा है।
शिवसेना के जिलाध्यक्ष अमन डोडा ने बताया कि कर्फ्यू लगने के बाद से ही वह लगातार लोगों को भोजन करवा रहे हैं। पहले दो दिन तक संस्था के सदस्यों के सहयोग से कुल 800 लोगों को भोजन करवाया गया। लेकिन बाद में कई दानी सज्जनों के साथ साथ सब्जी मंडी के प्रधान का भी पूर्ण सहयोग मिला। जिसके चलते अब 1400 लोगों को रोजाना भोजन करवाया जा रहा है। यह भोजन भी उन ऐरिया में करवाया जा रहा है, जिनके पास कमाई का कोई साधन नहीं है और वह राशन नहीं खरीद सकते।
पारस डोडा ने बताया कि शिवसेना के पास वैसे तो अस्पताल के बाहर बैठे लोग, बिजली घर के बाहर झोंपड़ी, हड्डा रोडी के निकट, कुष्ट आश्रम का ऐरिया ही दिया गया है। लेकिन संस्था के पास जो भी खाने की मांग कर रहा है, उनको खाने के पैकेट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कर्फ्यू के दिन भूखे मवेशियों को करवाया भोजन
22 मार्च 2020 को जब देश में जनता कर्फ्यू लगा तो लोग अपने घरों में कैद हो गए। किसी ने भी बाजारों में घुमने वाले मवेशियों की सार नहीं ली। लेकिन इस बारे में पता चलते ही शिव सेना के सदस्यों ने फाजिल्का के डीएसपी जगदीश कुमार के ध्यान में मामला लाया और उनके सहयोग से एक चारा टाल को खुलवाकर उसमें से चारा लेकर सारे शहर में जहां भी मवेशी घूम रहे उन्हें भोजन करवाया।