प्रकाश पर्व पर गुरुघरों में सजाए धार्मिक दीवान, लगाए लंगर
श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर बुधवार को शहर व छावनी के गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रम करवाए गए जिसमें बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने शीश निवाया।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर बुधवार को शहर व छावनी के गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रम करवाए गए, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने शीश निवाया। गुरुद्वारा अकालगढ़ साहिब में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ तीन दिन पहले रखे गए श्री अखंड पाठ के भोग से हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची और श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आशीर्वाद लिया।
समारोह के दौरान रागी व ढाडी जत्थों ने संगत को निहाल किया। खालसा गुरुद्वारा के प्रधान जतिदरजीत सिंह ने बताया कि शबद कीर्तन हजूर रागी भाई निरवैर सिंह और खालसा हाई स्कूल, खालसा स्त्री सतसंग सभा, गोबिद कान्वेंट स्कूल की छात्राओं, और बेबे नानकी स्त्री सतसंग सभा की ओर से किया गया। रात को सजाए दीवान का आगाज 6 बजे से साढ़े 6 बजे तक पाठ श्री रहिरास साहिब से किया गया।
गुरुद्वारा श्री संगतसर में धूमधाम से मनाया प्रकाशोत्सव
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर :
शहर की भगत सिंह कालोनी स्थित गुरुद्वारा श्री संगतसर साहिब में श्री गुरु गोबिद सिंह जी का प्रकाश पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान गुरु घर में आयोजित किए गए धार्मिक समारोह में हैड ग्रंथी जसप्रीत सिंह एवं प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमरीक सिंह के नेतृत्व में कीर्तनी जत्थे ने गुरु घर में आने वाली संगत को गुरु जस्सा सुनाकर निहाल किय। इस दौरान गुरु घर में रखे गए श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और संगतों में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। इस मौके पर अन्य के अलावा सचिव सुखविदर सिंह, निर्मल सिंह भुल्लर उप प्रधान, गुरदियाल सिंह विर्क सहित आस-पास की संगत मौजूद थी।