स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब में विरोध, CM भगवंत मान का घेराव करने पहुंचे कंप्यूटर और 1158 शिक्षक; पुलिस ने रोका
स्वतंत्रता दिवस पर फिरोजपुर में 1158 सहायक कंप्यूटर अध्यापकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का घेराव करने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने बस स्टैंड पर रोका।

CM भगवंत मान का घेराव करने पहुंचे कंप्यूटर और 1158 शिक्षक (जागरण)
HighLights
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री मान का घेराव करने का प्रयास
पुलिस ने 1158 सहायक कंप्यूटर अध्यापकों को बस स्टैंड पर रोका
सेवाएं नियमित करने की मांग पर अध्यापकों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर छावनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का घेराव करने के लिए शनिवार को 1158 सहायक कंप्यूटर अध्यापक फिरोजपुर छावनी के बस स्टैंड पर एकत्र हुए।
पुलिस ने कर्मचारियों को बस स्टैंड परिसर के भीतर ही नजरबंद कर दिया। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ गया। कुछ समय बाद कर्मचारियों ने जबरन गेट खुलवाया और बाहर निकलकर मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सेवाएं नियमित करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से सरकार से अपनी सेवाएं नियमित करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें अपने हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
पंजाब प्रधान सतबीर सिंह, जसकरण सिंह, मोहम्मद सुहैल और दीपक शर्मा ने कहा कि उनकी 4 अगस्त को चंडीगढ़ में सरकार के साथ बैठक हुई थी। इस दौरान 13 अगस्त को दोबारा बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, 13 अगस्त की बैठक के बाद भी उनकी किसी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सरकार के साथ कई बार हुई बैठकें
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बार-बार बैठकों और आश्वासनों के बावजूद नियमितीकरण का मुद्दा हल नहीं किया जा रहा। इसी कारण अध्यापकों में सरकार के प्रति भारी रोष है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों को स्वीकार नहीं किया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच गेट खोलने को लेकर भी खींचतान हुई।
