10 साल की सजा काट रहे कैदी की 12 दिन बाद थी रिहाई, जेल में हुई मौत
जिले की केंद्रीय जेल में नशा तस्करी के मामले में सजा काट रहे कश्मीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : जिले की केंद्रीय जेल में नशा तस्करी के मामले में सजा काट रहे कश्मीर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कश्मीर सिंह के जीजा शाहवाला जीरा के कैप्टन स्वर्ण सिंह ने बताया उन्हें जेल प्रशासन ने सूचना दी कि बीमारी से कश्मीर सिंह मौत हो गई है। कश्मीर सिंह के बेटे लवप्रीत सिंह ने बताया कि पिता की 10 साल की सजा पूरी होने वाली थी। 12 दिन बाद पिता घर लौटने वाले थे। स्वर्ण सिंह ने बताया कि उन्हें जेल प्रशासन ने बताया कि कश्मीर शुगर का मरीज था। जेल के अस्पताल में ही उसका इलाज चल रहा था। शनिवार रात उसकी तबीयत बिगड़ गई तो उसे पहले जेल के ही अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत ज्यादा खराब होने पर कैदी को सिविल अस्पताल फिरोजपुर लाया गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक के शव को पोस्टर्माटम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है।