फंदे से लटकता मिला महिला शव, भाई बोला-जीजा ने मारकर लटकाया
शहर के शांति नगर क्षेत्र में वीरवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : शहर के शांति नगर क्षेत्र में वीरवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू विवाद में एक महिला फंदे से लटकी मिली। इसका मृतका के भाई को पता चला तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और आरोप लगाया कि उसके जीजा ने ही उसकी बहन को पहले जान से मार डाला फिर हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया। पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों के आधार पर आरोपित शांति नगर निवासी नरिद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मृत महिला की पहचान गीता (40) पत्नी नरिद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गीता शांति नगर में अपने पति के साथ रहती थी, पिछले कुछ दिनों से दोनों में घरेलू विवाद चल रहा था। महिला के पति ने बताया कि वीरवार सुबह कमरे में देखा तो गीता का शव फंदे से लटक रहा था। गीता के फंदे से लटकने की खबर पूरे इलाके में फैल गई। तभी मृतका के भाई धीरज को सूचना मिली तो वह तुरंत शांति नगर पहुंचा और उसने देखा कि उसकी बहन गीता के गले पर निशान हैं, जिस पर उसने पुलिस को आशंका जताई कि उसकी बहन फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाली नहीं है। उसके जीजा नरिद्र कुमार ने उसे पहले से जान से मार दिया और उसके बाद हत्या को खुदकुशी दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर के शवगृह में रखवा दिया है। पति पर धारा 302 व 306 के तहत केस
सिटी थाना के एसएचओ जतिद्र सिंह ने बताया कि शांति नगर की रहने वाली महिला गीता का शव सुबह कमरे में फंदे से लटकता मिला। मृतका के भाई धीरज ने आरोप लगाया कि उसके जीजा नरिद्र कुमार ने ही उसकी बहन की हत्या की है, जिसके चलते थाना सिटी पुलिस ने मृतका के पति नरिंद्र कुमार के विरुद्ध धारा 302 व 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।