पति युवतियों को छेड़ता था, पत्नी ने रोका तो किया खौफनाक काम
एक व्यक्ति युवतियों से छेड़छाड़ करता था। उसकी पत्नी इसका विरोध करती थी और उसे एेसा करने से मना करती थी। इस पर दोनों में विवाद बढ़ गया तो पति ने पत्नी पर पेट्रोल डाल आग लगा दी।
जेएनएन, फिरोजपुर। एक युवक को उसकी पत्नी ने दूसरी युवतियाें के साथ छेड़छाड़ करने से मना किया तो उसने बेहद खौफनाक कदम उठाया। उसने पत्नी के शरीर पर पेट्रोल छिड़कर दिया और फिर आग लगा दी। इससे पत्नी बुरी तरह झुलस गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भतीं कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है अौर पति की तलाश कर रही है।
घटना जीरा के गुरु तेग बहादुर नगर ही है। बताया जाता है कि दोनाें ने अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ आठ साल पहले लव मैरिज की थी। डॉक्टरों ने बताया कि महिला 25 फीसद झुलसी है। पीडि़ता के बयान पर थाना सिटी जीरा पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीडि़ता सिमरनजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उसने गुरप्रीत सिंह के साथ आठ साल पहले लव मैरिज की थी। उनके परिवार का कोई भी सदस्य इस शादी से खुश नहीं था। पिछले कुछ समय से गुरप्रीत गलत नीयत से युवतियों का पीछा कर छेड़छाड़ करता था। वह उसे ऐसा करने से रोकती थी। इसी बात को लेकर गुरप्रीत उससे झगड़ा करता था।
सिमरनजीत ने बताया कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इस पर गुरप्रीत ने उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी आए और किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। एएसआइ निर्मल सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
---------
15 किलो अफीम के साथ महिला सहित दो गिरफ्तार
मंडी गोबिंदगढ़। फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने 15 किलोग्राम अफीम पकड़ी है। अफीम एक ट्रक में लाई जा रही थी। दो आरोपित भी काबू किए हैं जिनमें एक महिला है और एक पुरुष। डीएसपी अमलोह मनप्रीत सिंह की अगुवाई में एसएचओ मंडी गोबिंदगढ़ कुलजीत सिंह और पुलिस पार्टी ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक से 15 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
सरहिंद के रहने वाले ट्रक चालक बबली सिंह और उसके साथ ट्रक में सवार महिला त्रिपुरा के अगरतला निवासी रीना दास को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया। थाना मंडी गोबिंदगढ़ में दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि ये लोग त्रिपुरा से पंजाब के लुधियाना और अमृतसर सहित कई शहरों में अफीम सहित अन्य नशों की बड़े स्तर पर सप्लाई करते थे। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में बड़े खुलासे होंगे।