विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

100 करोड़ की हेरोइन बरामद, पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाक सीमा के पास 20KG नशे का कंसाइनमेंट मिला

Published: Wed, 07 Oct 2026 09:07 PM (IST)

पंजाब के फिरोजपुर जिले के पधरी गांव में खेतों से करीब 20 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव पधरी में 20 किलो हेरोइन मिलने की सूचना, ड्रोन से गिराए जाने का शक। फाइल फोटो

फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव पधरी में 20 किलो हेरोइन मिलने की सूचना, ड्रोन से गिराए जाने का शक। फाइल फोटो

HighLights

  1. फिरोजपुर के पधरी गांव से 20 किलो हेरोइन बरामद हुई

  2. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक

  3. पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा भेजी गई होने की आशंका

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के सीमावर्ती गांव पधरी के खेतों से करीब 20 किलो हेरोइन बरामद होने की सूचना सामने आई है। इंटरनेशनल मार्केट में जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की आंकी जा रही है।

आशंका जताई जा रही है कि नशे की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में गिराई गई थी। हालांकि, बीएसएफ या पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने अभी तक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ और पुलिस की टीमों ने गांव पधरी के आसपास खेतों में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान खेतों से संदिग्ध हेरोइन के पैकेट बरामद किए जाने की बात सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ड्रोन के रास्ते और तस्करों तक पहुंचने में जुटी एजेंसियां

जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस इस बात का पता लगाने पर है कि ड्रोन किस रास्ते से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ और नशे की खेप को लेने के लिए कौन लोग सक्रिय थे। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन को पाकिस्तान में किस स्थान से उड़ाया गया था और भारतीय क्षेत्र में इसे कौन ऑपरेट कर रहा था।

बताया जा रहा है कि पधरी गांव पाकिस्तान सीमा से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इतनी दूरी तक ड्रोन के जरिए नशे की खेप पहुंचाए जाने की सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

अधिकारी बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, खेप को हासिल करने वाले संभावित तस्करों और ड्रोन के मार्ग का पता लगाने में जुटे हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आधिकारिक पुष्टि और जांच पूरी होने के बाद ही बरामद नशीले पदार्थ की वास्तविक मात्रा तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।