विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: फिरोजपुर में ड्रग कंट्रोल टीम का एक्शन, मेडिकल स्टोर्स और गोदाम पर छापामारी, 43 लाख की दवाओं में मिली खामिया

Published: Sat, 19 Sep 2026 12:51 PM (IST)

फिरोजपुर में स्वास्थ्य विभाग की ड्रग कंट्रोल टीम ने दो मेडिकल स्टोर और गोदामों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। ...और पढ़ें

पंजाब: फिरोजपुर में ड्रग कंट्रोल टीम का एक्शन (फाइल फोटो)

पंजाब: फिरोजपुर में ड्रग कंट्रोल टीम का एक्शन (फाइल फोटो)


HighLights

  1. ड्रग कंट्रोल टीम ने फिरोजपुर में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की

  2. करीब 43 लाख रुपये की अनियमित दवाएं और एमटीपी किट जब्त

  3. दवाओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड में गंभीर खामियां पाई गईं

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। स्वास्थ्य विभाग की ड्रग कंट्रोल टीम ने शुक्रवार को फिरोजपुर में मेडिकल स्टोर और दवा गोदामों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 43 लाख रुपये की अनियमित दवाएं और एमटीपी किट जब्त की हैं।

विभागीय टीम ने दो स्थानों पर अचानक छापेमारी कर दवाओं के खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड की जांच की। जांच के दौरान रिकॉर्ड में कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की गईं। विभाग ने संबंधित फर्मों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सिविल सर्जन फिरोजपुर डॉ. परमिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई। जोनल लाइसेंस अथारिटी लखवंत सिंह के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल अधिकारी फिरोजपुर सोनिया गुप्ता, फरीदकोट के हरजिंदर सिंह और फाजिल्का की हरिता बंसल की संयुक्त टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोर और गोदामों की जांच की।

टीम ने सबसे पहले पिल क्लब, फिरोजपुर शहर की जांच की। यहां दवाओं के खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड की जांच में कई अनियमितताएं मिलीं। फर्म के मालिक की ओर से भी रिकॉर्ड में मिली खामियों को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका।

इसके बाद टीम ने पांच प्रकार की एलोपैथिक दवाएं जब्त कीं। इनमें 14,100 टैबलेट और 7,920 एमटीपी किट शामिल हैं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 30 लाख 24 हजार 380 रुपये बताई गई है।

इसके बाद टीम ने गोबर मंडी स्थित आरएस फार्मा के गोदाम पर छापेमारी की। यहां स्टाक और खरीद-बिक्री रिकॉर्ड की जांच के दौरान भी कई खामियां पाई गईं। टीम ने आठ प्रकार की दवाएं जब्त कीं, जिनमें 1,511 एमटीपी किट, 44,400 कैप्सूल और 1,569 टैबलेट शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 12 लाख 75 हजार 698 रुपये है।

ड्रग कंट्रोल अधिकारी सोनिया गुप्ता ने बताया कि दोनों स्थानों से कुल 42 लाख 99 हजार 978 रुपये की अनियमित दवाएं और एमटीपी किट जब्त की गई हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है। संबंधित फर्मों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।