फिरोजपुर रेल मंडल ने गठित की व्यापार विकास यूनिट
रेल मंत्रालय ने रेलवे द्वारा वर्तमान माल ढुलाई की मात्रा को 2024 तक दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : रेल मंत्रालय ने रेलवे द्वारा वर्तमान माल ढुलाई की मात्रा को 2024 तक दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पारंपरिक वस्तुओं तथा विविध गैर-पारंपरिक वस्तुओं की हिस्सेदारी को मजबूत करने के साथ-साथ रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने और उनकी शिकायतों को दूर करने को सभी जोनल तथा मंडल स्तर पर एक व्यापार विकास इकाई (बीडीयू) स्थापित की गई है। इसकी जानकारी मंडल रेल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने दी।
उन्होंने मंडल में स्थापित व्यापार विकास इकाई में शामिल अधिकारी वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सुधीर कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक चेतन तनेजा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लोकेश सिगला तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/कैरिज एवं वैगन राकेश कुमार है। इस समूह में शामिल अधिकारी यातायात को आकर्षित करने के लिए व्यापार और उद्योग जगत के साथ निरंतर संपर्क करेंगे ताकि उनको त्वरित एवं शिकायत मुक्त माल ढुलाई प्राप्त हो सके। फिरोजपुर मंडल के वाणिज्य एवं परिचालन विभाग में फेरबदल
फिरोजपुर मंडल के वाणिज्य एवं परिचालन विभाग में भी फेरबदल किया गया है। एसपी सिंह भाटिया, मंडल परिचालन प्रबंधक/जनरल, फिरोजपुर को पदोन्नति कर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/पैसेंजर मूवमेंट, फिरोजपुर के पद पर हुआ है। सुधीर सिंह को स्टेशन डायरेक्टर, जम्मूतवी के पद पर चेतन तनेजा की जगह लगाया गया है। त्रिलोक सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर को पदोन्नति पर चीफ एरिया मैनेजर लुधियाना के खाली पड़े पद पर लगाया गया है। पवनिश कत्तल को त्रिलोक सिंह की जगह मंडल वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर के पद पर लगाया गया है। विपन पुरोहित ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर के पद पर कार्यभार संभाल लिया है। शाकीब युसूफ ने विपन पुरोहित की जगह चीफ एरिया मैनेजर, श्रीनगर के पद पर कार्यभार संभाल लिया है। इसी तरह से विरेंदर प्रसाद भट्ट, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, फिरोजपुर का तबादला प्रधान कार्यालय, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली हो गया है।