पंजाब में फिरोजपुर कोर्ट को फिर बम से उड़ाने का धमकी, एक साल में पांचवीं बार मिला ई-मेल; जांच में जुटी एजेंसियां
फिरोजपुर जिला न्यायालय को एक साल में पांचवीं बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे हड़कंप मच गया है।

पंजाब में फिरोजपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (फाइल फोटो)
HighLights
फिरोजपुर न्यायालय को एक साल में पांचवीं बम धमकी मिली
धमकी के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा कड़ी की गई
आज दोपहर 12 बजे तक न्यायालय का कामकाज स्थगित
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। जिला फिरोजपुर न्यायालय परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एक साल के भीतर जिला न्यायालय को इस तरह की धमकी मिलने का यह पांचवां मामला बताया जा रहा है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा टीमों ने न्यायालय परिसर की जांच शुरू कर दी। परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
एहतियात के तौर पर जिला न्यायालय में आज दोपहर 12 बजे तक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान न्यायालय परिसर में सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहेंगी।
लगातार मिल रही इस तरह की धमकियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच कर रही हैं। पुलिस द्वारा धमकी के स्रोत और इसके पीछे किसी शरारती तत्व की भूमिका की जांच की जा रही है।
इससे पहले भी जिला न्यायालय को कई बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, हालांकि अब तक किसी धमकी के पीछे वास्तविक विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
