'बादल' में सुखबीर ने वर्करों में भरा जोश
अबोहर शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में उन्होंने बुधवार को गांव बादल में अपने निवास पर अबोहर विधानसभा क्षेत्र के शिअद-भाजपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बैठक ली और चुनाव में जुट जाने का आह्वान कर उनमें जोश भरा।
जागरण संवाददाता, अबोहर : शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में उन्होंने बुधवार को गांव बादल में अपने निवास पर अबोहर विधानसभा क्षेत्र के शिअद-भाजपा गठबंधन के कार्यकर्ताओं की बैठक ली और चुनाव में जुट जाने का आह्वान कर उनमें जोश भरा। बैठक में अबोहर से भाजपा के करीब 300 कार्यकर्ता विधायक अरुण नारंग के नेतृत्व में बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष धनपत सियाग, जिला प्रधान सुबोध वर्मा, शिअद के यूथ नेता हरिद्र सिंह हैरी जिला प्रधान गुरपाल सिंह ग्रेवाल, सतिद्रजीत सिंह मंटा, भाजपा मंडल प्रधान अशोक छाबड़ा, महासचिव टीटू छाबड़ा, शिअद सर्किल प्रधान लाउ जाखड़ के अलावा विभिन्न गांवों के पंच सरपंच, मोर्चो के प्रधान आदि उपस्थित थे।
विधायक नारंग ने दावा किया कि अबोहर विधानसभा हलके से कम से कम बड़ी लीड दिलवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके यहां से चुनाव लड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हैं और चुनाव में भाजपा-अकाली कार्यकर्ता दिन-रात एक कर देंगे।
सुखबीर बादल ने जो अबोहर को गोद लेने का एलान किया था, वह समय अब आ गया है : नारंग
विधायक ने वर्करों से अपील की कि विधानसभा चुनाव में सुखबीर बादल ने जो अबोहर को गोद लेने का एलान किया था, वह समय अब आ गया है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रचार जुट जाएं और यहां से भारी मतों से जीत दिलाकर अबोहर के विकास का मार्ग प्रशस्त करें। अबोहर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के हौसले और उत्साह की प्रशंसा करते हुए सुखबीर बादल ने विधायक नारंग की पीठ थपथपाई। गौर हो कि फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र से सुखबीर बादल का चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि उनके नाम का अभी तक विधिवत एलान नहीं हुआ है। बैठक में उन्होंने कहा कि एक दो रोज में यह एलान भी हो जाएगा।