बहू पर छिड़का मिट्टी का तेल, जिंदा जलाने की कोशिश
फिरोजपुर गुरुहरसहाय के गांव लालचियां में एक विवाहिता को घरेलू विवाद के कारण ससुरालियों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की। सरोज रानी (25) ने पानी से भरा बर्तन अपने ऊपर डाल लिया जिससे उसकी जान बच पाई। महिला की हालत गंभीर है उसे जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर : गुरुहरसहाय के गांव लालचियां में एक विवाहिता को घरेलू विवाद के कारण ससुरालियों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश की। सरोज रानी (25) ने पानी से भरा बर्तन अपने ऊपर डाल लिया, जिससे उसकी जान बच पाई। महिला की हालत गंभीर है, उसे जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पुलिस ने आरोपित पति गुरनाम सिंह समेत ससुर-सास व ननद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित फरार हैं। सब इंस्पेक्टर गुरतेज सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने बयान दिए कि शादी के बाद से घर में झगड़ा होता रहता था। 13 अप्रैल सुबह भी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति ने उसे पीटना शुरू कर दिया। ननद, सास व ससुर ने पति का साथ दिया और मिलकर पहले तो उस पर मिट्टी का तेल डाल दिया और फिर आग लगा दी। वह भागकर हैंडपंप के पास गई और वहां भरा पानी की बाल्टी उसने अपने ऊपर उढ़ेल ली। पुलिस ने पति गुरनाम सिंह, सुसर मल्ल सिंह, सास अमर कौर व ननद सुमित्रा पर केस दर्ज किया है।
दहेज के लिए परेशान करते थे ससुराल वाले
पीड़ित महिला ने बताया कि पति सहित ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना लगाकर उन्हें टाल देती थी। 13 अप्रैल को दहेज की मांग को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे कमरे में बंद करके तेल छिड़कर आग लगा दी। उसने किसी तरह बचाव कर मायके वालों को सूचना दी और परिजन उसके गांव पहुंचे और उसे वहां से लाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों का कहना है कि महिला 60 प्रतिशत झुलस गई है।