फिरोजपुर मंडल की ट्रेनों में बिना टिकट सफर पर चला चाबुक: 23 हजार यात्री पकड़े, रेलवे ने 2 करोड़ रुपये वसूले
फिरोजपुर रेलवे मंडल ने सितंबर माह में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इस अभियान में 22,855 ...और पढ़ें

गंदगी फैलाने वालों से भी वसूला जुर्माना।
HighLights
सितंबर में 22,855 बिना टिकट यात्री पकड़े गए
रेलवे ने 2 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला
गंदगी फैलाने वाले 202 यात्रियों पर भी कार्रवाई हुई
कपिल सेठी, फिरोजपुर। रेलवे मंडल फिरोजपुर की ट्रेनों में बिना टिकट या अनियमित तरीके से सफर करने वालों पर रेलवे ने सितंबर माह में जमकर शिकंजा कसा। टिकट जांच अभियान के दौरान 22,855 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़े गए।
इन यात्रियों से रेलवे ने जुर्माने के रूप में 2 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया। आंकड़े बताते हैं कि सितंबर में टिकट जांच के दौरान औसतन हर दिन करीब 761 यात्री कार्रवाई की जद में आए।
फिरोजपुर मंडल के टिकट जांच दल द्वारा ट्रेनों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे का कहना है कि इसका मकसद बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रोक लगाने के साथ-साथ टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध करवाना है।
बिना टिकट सफर पर रेलवे की पैनी नजर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेनों में टिकट जांच लगातार जारी रहेगी। जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जा रहा है।
रेलवे का मानना है कि अनधिकृत यात्रियों के कारण वैध टिकट वाले यात्रियों को कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जांच अभियान के जरिए इस व्यवस्था को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टेशन पर गंदगी फैलाने वालों की भी खैर नहीं
टिकट जांच के साथ रेलवे ने स्टेशनों पर साफ-सफाई को लेकर भी सख्ती दिखाई है। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नियमित जांच के दौरान सितंबर में 202 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया। इनसे एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत 81 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि यात्रियों को नियमों का पालन करवाकर वैध टिकट वाले यात्रियों के लिए सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा वातावरण सुनिश्चित करना है।
