विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजपुर छावनी में आवारा कुत्तों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 2 दिन में पकड़े 27 कुत्ते

Published: Thu, 10 Sep 2026 10:50 AM (IST)

फिरोजपुर छावनी परिषद ने एक मासूम पर कुत्ते के हमले के बाद आवारा कुत्तों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर ...और पढ़ें

फिरोजपुर छावनी में आवारा कुत्तों के खिलाफ एक्शन।

फिरोजपुर छावनी में आवारा कुत्तों के खिलाफ एक्शन।

HighLights

  1. मासूम पर हमले के बाद छावनी परिषद ने अभियान तेज किया

  2. दो दिनों में 27 आवारा कुत्तों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया

  3. लोगों को सड़कों पर खाना न फेंकने के लिए जागरूक किया

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर छावनी। छावनी क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और दो वर्षीय मासूम पर हुए हमले के बाद छावनी परिषद ने अभियान तेज कर दिया है। वीरवार को लगातार दूसरे दिन परिषद की टीम ने अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर 15 आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया।

टीम ने ग्वाल मंडी, आजाद चौक और गली नंबर दो समेत आसपास के क्षेत्रों में कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सेनेटरी सुपरिंटेंडेंट अभिषेक पांडे के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया, जहां आवारा कुत्तों की संख्या अधिक होने और लोगों को परेशानी की शिकायतें सामने आ रही थीं।

अभियान के दौरान लोगों को भी जागरूक किया गया कि वे सड़कों, गलियों और बाजारों में खाने-पीने का सामान खुले में न डालें।

अभिषेक पांडे ने बताया कि छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामस्वरूप हरितावल के आदेश पर आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र के सभी आठ वार्डों में चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से राहत मिल सके।

लोगों से की खाना न डालने की अपील

उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाला खाद्य पदार्थ खुले में न फेंकें। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खाने का सामान डालने से आवारा कुत्ते वहां एकत्रित होते हैं और उनकी संख्या बढ़ने के साथ लोगों के लिए खतरा भी बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि छावनी परिषद लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जरूरत के अनुसार अभियान को और तेज किया जाएगा।

बुधवार को भी पकड़े थे 12 कुत्ते

इस अभियान के तहत छावनी परिषद की टीम ने बुधवार को भी 12 आवारा कुत्तों को रेस्क्यू किया था। इस तरह दो दिनों में कुल 27 आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। परिषद के अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी विभिन्न वार्डों में अभियान जारी रहेगा।

मासूम पर हमले के बाद लोगों में था आक्रोश

गौरतलब है कि आठ सितंबर को छावनी की गली नंबर एक में घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे बुरी तरह नोच दिया था। कुत्ते के हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद इलाके के लोगों में रोष फैल गया था और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर छावनी परिषद से तत्काल कार्रवाई की मांग उठी थी। इसके बाद परिषद ने आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया है।

यह भी पढ़ें- फिरोजपुर में दिनदहाड़े कार सवार हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत; नगर पंचायत प्रधान भी थे निशाने पर