विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजपुर में जेल से चल रहे नशा और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 KG से अधिक हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद; चार गिरफ्तार

Published: Sat, 22 Aug 2026 06:33 PM (IST)

फिरोजपुर पुलिस ने जेल से संचालित हो रहे दो बड़े नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ...और पढ़ें

जेल से चल रहे नशा और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़। फोटो जागरण

जेल से चल रहे नशा और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. फिरोजपुर पुलिस ने दो बड़े नशा नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

  2. 6 किलो 465 ग्राम हेरोइन और दो अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद।

  3. जेल में बंद आरोपितों द्वारा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज ने नशा तस्करी, अवैध हथियारों और जेल से संचालित हो रहे आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पिछले 72 घंटों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 6 किलो 465 ग्राम हेरोइन, दो अत्याधुनिक पिस्तौल और दो वाहन बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों मॉड्यूल की कमान जेल में बंद आरोपितों के हाथ में थी।

एसपी गुरिंदरबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर नशे और हथियारों के नेटवर्क की आगे और पीछे की कडिय़ां खंगाल रही है।

हेरोइन और कार बरामद

एसपी गुरिन्द्रबीर सिंह ने बताया कि पहले मामले में एएनटीएफ टीम ने अंतर-जिला नशा तस्करी गिरोह से जुड़े दो आरोपितों अजय चंबर निवासी फगवाड़ा और शरनदीप सिंह उर्फ सन्नी निवासी निहालगढ़ नवान पिंड, फगवाड़ा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से गांव सांदे हाशम से 5 किलो 530 ग्राम हेरोइन और टोयोटा इटियोस कार बरामद की गई।

पूछताछ में इस मॉड्यूल के तार न्यू डिस्ट्रिक्ट जेल नाभा से जुड़े होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार जेल में बंद प्रिंस और अजीत सिंह उर्फ हैप्पी इस नेटवर्क की लॉजिस्टिक्स संभाल रहे थे। दोनों को जांच में शामिल करने के लिए पुलिस सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक प्रिंस के खिलाफ नौ और अजीत सिंह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज हैं।

दूसरे मॉड्यूल का पर्दाफाश केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के बाद किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आपराधिक गिरोह नशे और अवैध हथियारों की गतिविधियों में शामिल है। टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की।

इसके बाद लुधियाना शहर में पुलिस और आरोपितों के बीच पीछा हुआ, जिसके बाद वाहन को रोककर दो आरोपितों रोहित निवासी गोल बाग, फिरोजपुर शहर और गुरप्रीत सिंह निवासी कपूरथला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस से बचने के लिए उक्त लोगों ने अपनी थार गाड़ी से एक व्यक्ति को भी टक्कर मारी थी।

इनसे दो पिस्तौल, एक पाकिस्तानी निर्मित डीआरआइ पिस्तौल और एक .30 बोर 14-शाट चीनी पिस्तौल, बरामद की गई। इसके अलावा महिंद्रा थार रॉक्स वाहन भी जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान 935 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में 1.35 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है।

जांच में इस मॉड्यूल के तार गुरदासपुर जेल से जुड़े मिले। पुलिस के अनुसार वहां बंद रविंदर सिंह उर्फ रवि उर्फ सुखा इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसे फिरोजपुर के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर मामले का मुख्य आरोपित बताया है। उसके खिलाफ 12 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई है। रवि पर सितम्बर 2024 में शहर के अकालगढ़ गुरूद्वारा साहिब के बाहर हुए तिहरे हत्याकांड का आरोप है और वह गैंगस्टर आशीष चोपड़ा का करीबी है।

पुलिस के मुताबिक गुरदासपुर जेल में बंद अखिल साबरवाल उर्फ प्रिंस भी इस नेटवर्क से जुड़ा था। दोनों जेल में बैठकर गिरफ्तार आरोपितों को लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी से संबंधित निर्देश दे रहे थे।

एसपी गुरिन्द्रबीर सिंह ने बताया कि अब चारों गिरफ्तार आरोपितों का पुलिस रिमांड हासिल कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल करेगी। जांच में विशेष रूप से .30 बोर हथियारों की सप्लाई चेन, जेल के अंदर से नेटवर्क चलाने वाले हैंडलरों और नशे की खेप के पीछे चल रहे वित्तीय व हवाला लेनदेन को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आने वाले दिनों में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और कई अहम खुलासे होने की संभावना है।