विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM मान के जीरा दौरे पर कांग्रेस का हंगामा, राजा वड़िंग और कुलबीर जीरा के नेतृत्व में दिखाए काले झंडे

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान के जीरा दौरे पर कांग्रेस ने राजा वड़िंग और कुलबीर जीरा के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

राजा वड़िंग और कुलबीर जीरा के नेतृत्व में निकला विरोध मार्च।

राजा वड़िंग और कुलबीर जीरा के नेतृत्व में निकला विरोध मार्च।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मान के जीरा दौरे पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

  2. राजा वड़िंग और कुलबीर जीरा ने काले झंडे दिखाए

  3. कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा

संवाद सहयोगी, जागरण फिरोजपुर। मुख्यमंत्री भगवंत मान के जीरा दौरे के दौरान रविवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर विफल रहने के आरोप लगाए।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन तीन सितंबर को संगरूर जिले के शेरों गांव में 37 वर्षीय मोहनेजीत सिंह के साथ कथित पुलिस मारपीट के विरोध में किया गया।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, मोहनेजीत सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान नशे के बढ़ते प्रभाव और सरकार की कथित निष्क्रियता के विरोध में काला झंडा लहराते हुए नारे लगाए थे।

इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 और 170 के तहत मामला दर्ज किया था। तीन सितंबर को जमानत मिलने के बाद उसे संगरूर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां शुक्रवार तक उसका उपचार चला।

सभा स्थल से पहले ही पुलिस ने रोका मार्च

राजा वड़िंग और कुलबीर सिंह जीरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुलबीर जीरा के आवास से विरोध मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री की सभा स्थल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने शेरा वाला चौक के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। यह स्थान सभा स्थल से करीब 500 मीटर दूर था।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और काले झंडे लहराए।

WhatsApp Image 2026-09-06 at 5.03.16 PM

गैंगस्टर की आप में एंट्री पर भी वड़िंग ने साधा निशाना

राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आम आदमी पार्टी में पूर्व गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों के शामिल होने के मुद्दे को भी उठाया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले शिरोमणि अकाली दल पर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट देने को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन अब उनकी अपनी पार्टी में ऐसे लोगों की एंट्री हो रही है।

वड़िंग ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं और समय-समय पर अपने बयानों से पलटते रहे हैं। उन्होंने पंजाब में कारोबारियों के बीच भय का माहौल होने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरों का प्रभाव बढ़ रहा है।

WhatsApp Image 2026-09-06 at 5.03.17 PM

'जहां जाएंगे मान, वहां दिखाए जाएंगे काले झंडे'

वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रदेश में होने वाले दौरों के दौरान विरोध दर्ज करवाएगी। उन्होंने कहा, "जीरा से यह अभियान शुरू किया गया है और भविष्य में भी जारी रहेगा।"

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को नशे और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर जनता को जवाब देना चाहिए।

यह भी पढ़ें- 'भगवंत मान का बॉयकॉट करेंगे सिख केंद्रीय मंत्री', मुख्यमंत्री के 'गुरु-दोषी' घोषित होने के बाद बीजेपी का बयान