केंद्र और पंजाब सरकार पराली संभालने के लिएबनाए नीति
फिरोजपुर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के बैनर तले किसानों ने केंद्र एवं पंजाब सरकार की तरफ से धान की फसल की पराली संभालने के लिए कोई नीति न बनाने की कड़ी आलोचना की।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के बैनर तले किसानों ने केंद्र एवं पंजाब सरकार की तरफ से धान की फसल की पराली संभालने के लिए कोई नीति न बनाने की कड़ी आलोचना की। इसके साथ ही किसानों को आरोपित ठहराते हुए उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करने पर भी कड़ा विरोध जताया। ऐसे में किसानों ने जल्द ही अधिकारियों का घेराव करने का एलान किया है।
प्रदेश प्रधान सतनाम सिंह पन्नू एवं प्रदेश महासचिव स्वर्ण सिंह ने बताया कि हर वर्ष 2 करोड़ टन के करीब होती है, जिसे संभालने के लिए कोई सही नीति तैयार न करने की कड़ी निदा की है। उन्होंने कहा कि इसे संभालने के लिए किसान को भारी खर्चा उठाना पड़ता है, जबकि किसान पहले ही कर्ज के बोझ में दबा हुआ है। जिसके चलते किसान पराली की संभाल नहीं कर सकता है और उसे मजबूर होकर पराली को जलाने का फैसला करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से पराली को जलाने के लिए किसानों को दोषी ठहराकर उन पर पर्चे दर्ज करने और उन्हें धमकियां देना सरासर गलत है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को पराली की संभाल के लिए बनता मुआवजा नहीं दिया गया, तो वह पराली को आग लगाएंगे और सरकारी अधिकारियों का घेराव करेंगे। जिसकी सारी जिम्मेवारी सरकार की होगी।