रंजिशन रास्ता रोक पीटा, 18 लोगों के खिलाफ केस
थाना जीरा अधीन धक्का बस्ती में सीढ़ी हटाने पर हुई मामूली बहस की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की पिटाई कर दी गई और मोबाइल छीन लिया।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : थाना जीरा अधीन धक्का बस्ती में सीढ़ी हटाने पर हुई मामूली बहस की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की पिटाई कर दी गई और मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने पांच नामजद सहित 18 के खिलाफ धारा 452, 324, 323, 379 -बी, 148, 149, 188, 269 आइपीसी के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयानों में प्रताप सिंह निवासी गोशाला रोड जीरा ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपित सुखबीर सिंह के साथ उसके भाई गुरदयाल सिंह के साथ बहस हो गई थी। 15 जुलाई 2020 की शाम को वह अपने भाई गुरदयाल सिंह और साथी भगवंत सिंह के साथ ट्रैक्टर पर चारा लेकर आ रहा था। जब वह धक्का बस्ती जीरा से निकलने लगा तो आरोपित सुखवीर सिंह सीढ़ी लगा कर बिजली ठीक कर रहा था, उन्होंने उसे सीढ़ी दूसरी तरफ करने के लिए कहा तो सुखवीर सिंह बुरा भला बोलने लगा पड़ा।
प्रताप सिंह ने बताया कि इस बहस और बुरा बोलने की रंजिश को लेकर सुखवीर सिंह ने अपने साथियों जसविन्दर सिंह, सन्दीप सिंह, कुलदीप सिंह निवासी धक्का बस्ती जीरा और सात अन्य तथा 8-10 अज्ञात के साथ उसके साथ मारपीट की और जख्मी कर दिया। यही नहीं, मोबाइल भी छीन लिया। उसका सिविल अस्पताल जीरा में इलाज चल रहा है। इस मामले की जांच कर रहे एएसआइ रेशम सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर उक्त आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बॉक्स..
फोरमैन ने काम से हटाया तो रंजिशन की मारपीट, छह नामजद
थाना कुलगढ़ी अंतर्गत गांव स्थित शैलर में एक व्यक्ति से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयानों में चपालू दास निवासी गांव जगतपुरा जिला कटिहार, बिहार हाल एमआरएमसी फूड शैलर ने बताया कि आरोपित शिव शक्ति को करीब 4-5 महीने पहले लड़ाई झगड़ा करने के कारण फोरमैन ने काम से हटा दिया गया था। चपालु दास ने बताया कि इसी रंजिश के चलते 14 जुलाई की रात साढ़े 8 बजे आरोपित संतोष गिरी, शिव शक्ति गिरी, अमित निवासी नजदीक दाना मंडी धक्का बस्ती हीरा नगर, फिरोजपुर शहर, राहुल भट्टी निवासी गोलबाग सिटी फिरोजपुर, मोनू निवासी कुंदन नगर फिरोजपुर शहर और अभय संधू निवासी गोल बाग सिटी ने उस पर और उसके साथी राम बाबू यादव पर हमला कर दिया और जख्मी कर दिया। राम बाबू यादव की हालत नाजुक होने पर उसे फरीदकोट दाखिल करवाया है।