एशियन गेम्स खेलने वाले फिरोजपुर के पहले तैराक अंसव
एशियन गेम्स खेलने वाले अंसव जिदल फिरोजपुर जिले के पहले तैराक होंगे।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : एशियन गेम्स खेलने वाले अंसव जिदल फिरोजपुर जिले के पहले तैराक होंगे। तैराकी में अंसव से पहले जिले के किसी अन्य खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगितामें देश का प्रतिनिधित्व नहीं किया है। खेलो इंडिया खेलो टीम का हिस्सा बनने के बाद अंसव जिदल का यह पहला बड़ा मुकाबला है, जिसमें वह अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
10वीं कक्षा के छात्र अंसव जिदल का तैराकी सीखना भी रोचक है। तीन साल की अवस्था में मोटापे की बीमारी से पीड़ित अंसव को फिरोजपुर के डॉक्टरों ने यह कहते हुए जबाव दे दिया था कि अंसव का इलाज फिरोजपुर में संभव नहीं है, इसलिए पैरेंट्स उन्हें चंडीगढ़ या फिर लुधियाना ले जाएं। पेशे से अध्यापक अंसव के पिता को किसी ने सलाह दी की वह बेटे को तैराकी की प्रेक्टिस करवाएं, इससे उसका मोटापा दूर हो जाएगा। इसके बाद पिता ने कोच गगनमाटा की देखरेख में बेटे को तैराकी की प्रेक्टिस शुरू करवाई।
कोच गगन माटा बताते हैं कि शुरू से ही अंसव का रूझान तैराकी में बन गया। शुरू में जरूर थोड़ी परेशानी हुई थी। उसके बाद उसका रूझान तैराकी के प्रति बढ़ता गया। लगातार प्रेक्टिस से उसका मोटापा तो दूर हुआ ही, साथ में वह एक अच्छा तैराक बन गया। अंसव ने पंजाब स्टेट में तैराकी के नए कीर्तमान बनाने के साथ ही कई मेडल जीते हैं। अपनी काबलियत की बदौलत ही उसका चुनाव केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना खेलो इंडिया खेलो के लिए हुआ है। अब यह उसका पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है, जिसमें उसके बेहतर करने की वह आशा कर रहे है।
जिला खेल अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 24 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 10वीं एशियन ऐज ग्रुप चैंपियनशिप बंगलुरू में होने जा रही है। इस चैंपियनशिप के लिए अंसव का भी चयन हुआ है। उन्होंने खिलाड़ी को शुभकामनाएं दी हैं कि वह इस चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे।