विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर ड्रोन से आई 47.5 किलो ड्रग्स की खेप बरामद, फिरोजपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

Published: Tue, 25 Aug 2026 07:25 PM (IST)

फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस और बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास ड्रोन से भेजी गई 47.5 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन की बड़ी खेप पकड़ी।

ड्रोन से सीमा पार आई 47.5 किलो नशे की खेप बरामद।

ड्रोन से सीमा पार आई 47.5 किलो नशे की खेप बरामद।

HighLights

  1. फिरोजपुर में भारत-पाक सीमा पर बड़ी ड्रग्स खेप बरामद

  2. ड्रोन के जरिए भेजी गई 47.5 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन

  3. पुलिस सीमा पार और भारतीय ड्रग नेटवर्क की जांच में जुटी

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। नशामुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआइ) फिरोजपुर और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई नशे की बड़ी खेप बरामद की है।

गांव गजनीवाला के सीमा क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान 44.5 किलो हेरोइन और तीन किलो मेथामफेटामाइन (आइस) बरामद की गई। बरामद नशे की कुल मात्रा 47.5 किलो है। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को इस कार्रवाई की पुष्टि की।

ड्रोन की आवाज सुनाई देने पर मिली सूचना

पुलिस के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक गजनीवाला क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधि हुई है। सूचना मिलते ही फिरोजपुर पुलिस की टीमों ने इसे बीएसएफ के साथ साझा किया। इसके बाद दोनों सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने गांव गजनीवाला के आसपास के खेतों में घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

खेतों में छिपाकर रखी गई थी नशे की खेप

संयुक्त टीमों ने आसपास के खेतों की बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान टीमों को नशे की खेप बरामद हुई। जांच में 44.5 किलो हेरोइन और तीन किलो मेथामफेटामाइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक यह खेप सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से एयरड्रॉप की गई थी और इसे भारत में मौजूद तस्करों तक पहुंचाया जाना था।

सीमा पार बैठे तस्करों से भारतीय नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

आइजी काउंटर इंटेलिजेंस अशिष चौधरी ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सीमा पार से इतनी बड़ी नशे की खेप किसने भेजी थी और भारत में इसे प्राप्त करने के लिए कौन-कौन लोग सक्रिय थे। पुलिस खेप के संभावित रिसीवर और सीमा पार बैठे हैंडलरों की पहचान करने के लिए भी जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि मामले में आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है। इससे यह भी स्पष्ट होगा कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और इससे पहले कितनी खेप भारत में पहुंचाई जा चुकी हैं।

एसएसओसी फाजिल्का में मामला दर्ज

इस कार्रवाई के संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), फाजिल्का में एफआइआर नंबर 19, दिनांक 25 अगस्त 2026 दर्ज की गई है। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए होने वाली नशा तस्करी को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी और संयुक्त अभियान चला रही हैं। इस कार्रवाई को सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।