कॅापी..फिरोजपुर में कोरोना विस्फोट, एक दिन में 24 लोग आए पॉजिटिव
राजस्थान से लौटे 25 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से जिले में कोरोना का विस्फोट हो गया है।
जासं, फिरोजपुर : फिरोजपुर जिले में श्री हजूर साहिब व राजस्थान से लौटे 25 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से जिले में कोरोना का विस्फोट हो गया है। वीरवार रात को एक केस व शुक्रवार को जिले में 24 पॉजिटिव केस आने से विभाग व प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फिरोजपुर में कुल 25 कोरोना पॉजिटिव केस होने से जिला अब रेड जोन में शामिल हो गया है। 13 अप्रैल को फिरोजपुर के गांव वाडा भाईके निवासी कांस्टेबल के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पहली बार फिरोजपुर आरेंज जोन में शामिल हुआ था, लेकिन अब एक साथ 25 नए मामले आने से फिरोजपुर रेड जोन में पहुंच गया है।
शुक्रवार को पॉजिटिव आए मामलों में से 18 श्रद्धालु श्री हजूर साहिब से और छह मजदूर बसों के माध्यम से जीरा लौटे थे। इनको फिरोजपुर के एसबीएस कॉलेज में क्वारंटाइन किया गया था।
पॉजिटिव पाए गए 25 लोग फिरोजपुर जिले के विभिन्न गांवों, फिरोजपुर की तहसील गुरुहरसहाय, तरनतारन और कपूरथला से संबंधित है। पीड़ितों में फिरोजपुर के गांव कादा बोहड़ा, बस्ती खुशहाल सिंह, सोढ़ी नगर, जीरा के गांव जोड़ा, जीरा हलके के गांव बुलोके, जीरा के गांव तलवंडी नेपाला, फिरोजपुर की तहसील गुरुहरसहाय के गांव वजीदपुर, गांव मेहर सिंह वाला, गुरुहरसहाय के गांव जंडूवाला, गांव दुल्लो, फिरोजपुर के कस्बा मल्लांवाला और लखमीर रहने वाले हैं। इन्हीं 25 की सूची में जिला तरनतारन के गांव चक्कवालिया और कपूरथला के गांव वतनावाली खुर्द निवासी एक बुजुर्ग महिला शामिल है।