18 लाख का गबन करने वाली महिला न्यायिक हिरासत में
सेल्फ हेल्प ग्रुपों की 18 लाख की ग्रांट निजी अपने खाते में ट्रांसफर करने वाली बीडीपीओ घल्लखुर्द की महिला कैशियर को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से काबू किया है। आरोपित महिला कनाडा भागने की फिराक में थी।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : सेल्फ हेल्प ग्रुपों की 18 लाख की ग्रांट निजी अपने खाते में ट्रांसफर करने वाली बीडीपीओ घल्लखुर्द की महिला कैशियर को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से काबू किया है। आरोपित महिला कनाडा भागने की फिराक में थी। पुलिस ने आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले के जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने कहा के आरोपित ने इस साजिश में दूसरे लोगों की शामूलियत के बारे में बताया है, जिस पर जांच जारी है। आरोपित महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
प्रोग्राम मैनेजर ब्लाक घल्लखुर्द आकाशदीप अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत की थी कि सेल्फ हेल्प ग्रुपों के नाम पर ग्रांट जारी कर आरोपित महिला ने खुद पैसा हजम किया है। ग्रांट जारी करने के लिए फर्जी प्रस्ताव भी पास किए। आजीविका मिशन के तहत गावों में सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाए जाते हैं। दस से बीस गांवों को मिला कर एक कलस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) बनता है, जिसमें प्रधान और सचिव का चुनाव किया जाता है, जो सेल्फ हेल्प ग्रुप को सरकारी ग्रांट मुहैया कराते हैं। आरोपित हरजीत कौर साल 2019 से 2021 तक कलस्टर लेवल फेडरेशन की कैशियर रही। आरोपित महिला ने 2019 से लेकर फरवरी 2021 तक कलस्टर को मिली सरकारी ग्रांट को ग्रुपों के खाते में जमा करने की बजाय निजी खाते में जमा करवा लिए। शिकायतकर्ता आकाशदीप अरोड़ा ने संदेह जताया था कि आरोपित महिला चार अप्रैल को विदेश भागने वाली है। पुलिस ने आरोपित महिला को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जिससे पूछताछ की जा रही है।