पंजाब के फाजिल्का में 50 फीट गहरी डिग्गी में गिरा युवक, पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
फाजिल्का में रेलवे अंडरब्रिज के पास एक युवक 50 फुट गहरी पानी की निकासी वाली डिग्गी में ढक्कन सहित गिर ...और पढ़ें

पंजाब के फाजिल्का में 50 फीट गहरी डिग्गी में गिरा युवक (जागरण फोटो)
HighLights
युवक फाजिल्का रेलवे अंडरब्रिज के पास डिग्गी में गिरा।
50 फुट गहरी डिग्गी में गिरने से हड़कंप मच गया।
जीआरपी पुलिस और फायर ब्रिगेड ने युवक को बचाया।
जागरण संवाददाता, फाजिल्का। फाजिल्का के रेलवे अंडरब्रिज के निकट शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अंडरब्रिज के पानी की निकासी के लिए बनाई गई करीब 50 फुट गहरी डिग्गी में एक युवक अचानक ढक्कन सहित गिर गया। युवक के डिग्गी में गिरते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि युवक को समय रहते रेस्क्यू करके बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई। हादसे में युवक की बाजू पर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
मौके पर मौजूद राेहित कटारिया ने बताया कि आसपास पूछने पर पता चला कि एक युवक पैदल ही अंडरब्रिज के पानी को जमा करने के लिए बनाई गई डिग्गी के ऊपर से गुजर रहा था। अचानक ढक्कन सहित उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 50 फुट गहरी डिग्गी में जा गिरा।
युवक को डिग्गी में गिरता देखकर वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत जीआरपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस के इंचार्ज प्रगट सिंह व उनकी टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचित किया गया।
युवक को बाहर निकालने के लिए डिग्गी में सीढ़ी लगाई गई। इसकी मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जिसका उपचार चल रहा है। जीआरपी पुलिस के इंचार्ज प्रगट सिंह ने बताया कि युवक को बाहर निकालना पहली प्राथमिकता थी, जबकि युवक कौन था और वह किस तरह से गिरा, इसको लेकर युवक के उपचार के बाद जानकारी हासिल की जाएगी।
