पति के बारे में पूछ घर में घुसा युवक, दुष्कर्म के बाद खींची Photo, देने लगा Viral करने की धमकी
एक युवक महिला के घर में घुसा और पति के बारे में पूछने लगा। महिला के यह कहने पर कि पति घर पर नहीं हैं युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर डाला और अश्लील फोटो भी खींच ली।
जेएनएन, फाजिल्का। महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक घर पर आया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद युवक उसे कमरे में ले गया और उससे जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान युवक ने उसकी अश्लील फोटो भी खींच ली और फिर धमकी देने लगा कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
महिला के मुताबिक आठ जुलाई को उसका पति स्कूल में पढ़ाने के लिए गया हुआ था, जबकि बच्चे स्कूल गए थे। सुबह करीब दस बजे वह घर का कार्य कर रही थी। इसी दौरान गांव का ही बलविंदर सिंह उसके घर पर आया और उसके पति के बारे में पूछने लगा। महिला ने जब उससे कहा कि पति तो स्कूल गए हैं तो बलविंदर सिंह उससे छेड़छाड़ करने लगा।
इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती बलविंदर ने उसका हाथ जोर से पड़ लिया और जबरन खींचकर अंदर कमरे में ले गया। महिला ने जब विरोध जताया तो उसने उसका मुंह बंद कर दिया और धमकी देने लगा। इसके बाद युवक ने उससे दुष्कर्म किया। यही नहीं, बलविंदर ने इस दौरान उसकी अश्लील फोटो भी खींची और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वह उसकी फोटो वायरल कर देगा। इतना कहकर आरोपित वहां से चला गया।
महिला ने यह सारी बात अपने देवर को बताई। देवर ने उसके पति को घर बुलाया। इसके बाद उसके पति ने उसे फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट रेफर कर दिया। इस बारे में जब एएसआइ हरबंस सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वूमेन सेल इंचार्ज वीरा रानी ने महिला की शिकायत पर उक्त आरोपित के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच उनके पास आई है।
विधवा को अगवा कर किया दुष्कर्म, मामला दर्ज
वहीं, शहर में रहने वाली विधवा महिला ने कुछ व्यक्तियों पर उसे उठाकर ले जाने, मारपीट करने व उनमें से एक व्यक्ति द्वारा उससे दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं। नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत पर्चा दर्ज कर लिया है। महिला ने बताया कि 11 जुलाई को भोला सिंह, करनैल सिंह, कांतो बाई व पांच अज्ञात व्यक्ति उसे उठाकर ले गए। आरोपितों ने मारपीट की भोला सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया।