प्रेम प्रसंग में पति रोड़ा बना तो पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कर दी पति की हत्या
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला ने पति के परिजनों को बताया कि हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हुई है।
जेएनएन, फाजिल्का। गांव हस्ताकलां में पति प्रेम प्रसंग में रोडा बना तो पत्नी ने उसके खिलाफ प्रेमी के साथ मिलकर एेसी साजिश रच डाली। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला ने पति के परिजनों को बताया कि हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हुई है।
सुबह जब पति के परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने गले पर रस्सी के निशान देखे। उन्हें शक हुआ। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मंगत सिंह ने बताया कि छिंदरपाल सिंह (40) व उसकी पत्नी वीरो बाई के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी, क्योंकि वीरो बाई का गांव के ही एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 28 मार्च की रात को जब छिंदरपाल सिंह जब काम से घर लौटा तो पत्नी वीरो बाई ने पानी में नशीली वस्तु मिलाकर पिला दी। इससे छिंदरपाल सिंह बेहोश हो गया।
उन्हें शक है कि वीरो बाई ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रस्सी से छिंदरपाल के गले को घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी इकबाल खां ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई। छिंदरपाल सिंह के पिता कश्मीर सिंह के बयानों पर वीरो बाई व गुरजंट सिंह को नामजद कर लिया गया है।