सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आज गरजेंगी टेड यूनियनें
ट्रेड यूनियनें केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आठ जनवरी को हड़ताल करेंगी।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : ट्रेड यूनियनें केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आठ जनवरी को हड़ताल करेंगी। इसमें पंजाब खेत मजदूर सभा फाजिल्का ने शामिल होने की घोषणा की है। कामरेड वधावा राम भवन में की गई जिला स्तरीय बैठक में एटक संगठन के जिला प्रधान कामरेड भरपूर सिंह ने बताया कि पंजाब की प्रमुख ट्रेड यूनियनें देश और बड़े विभागों डिफेंस, रेलवे, ऊर्जा और बैंकिंग क्षेत्र सहित सभी सार्वजनिक क्षेत्रों के किए जा रहे निजीकरण के खिलाफ हड़ताल करेंगी। हड़ताल में मुख्य रूप से कर्मचारियों की मांगों में कम से कम 21 हजार रुपये महीना और 700 रुपये दिहाड़ी की जाए। मजदूरों को कम से कम पेंशन 10 हजार रुपये प्रति महीना दी जाए। गैर कानूनी ठेका मजदूर प्रणाली और आउटसोर्सिग पर रोक लगाई जाए। बराबर काम के बदले बराबर मेहनताना की गारंटी की जाए। मनरेगा मजदूरों को वर्ष में 200 दिन काम दिया जाए और इसका घेरा शहरों तक बढ़ाया जाए आदि मांगें शामिल हैं। मजदूर यूनियन के नेताओं ने विद्यार्थियों, नौजवानों, महिलाओं, किसानों व कर्मचारियों को न्योता दिया है कि वे इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए उनका साथ दें। बैठक में जिला सचिव ऋषिपाल, कामरेड दीवान सिंह, ब्लॉक प्रधान मुखत्यार सिंह, बलवीर सिंह, विनोद, सूबा सिंह, रेशम सिंह, जोगिदर सिंह, रोशन सिंह, हरभजन लाल आदि उपस्थित थे।