विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाजिल्का में 2 ग्लॉक पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार, ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगवाए थे हथियार

Published: Sat, 12 Sep 2026 09:09 PM (IST)

फाजिल्का पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके ...और पढ़ें

फाजिल्का में 2 ग्लॉक पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार। फोटो जागरण

फाजिल्का में 2 ग्लॉक पिस्तौल सहित तीन गिरफ्तार। फोटो जागरण

HighLights

  1. फाजिल्का पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया।

  2. दो ग्लॉक पिस्तौल और 50 ग्राम हेरोइन बरामद।

  3. हथियार पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा मंगवाए गए थे।

जागरण संवाददाता, फाजिल्का। फाजिल्का पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर फाजिल्का क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो ग्लाक पिस्तौल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और 50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने ये हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाए थे।

एसएसपी गगनअजीत सिंह ने बताया कि 11 सितंबर को सब इंस्पेक्टर हरदेव सिंह, मुख्य अफसर थाना सदर फाजिल्का की निगरानी में एएसआई रमेश कुमार पुलिस पार्टी के साथ फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे।

इस दौरान पुलिस पार्टी जब एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो तीन युवक एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के पास खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों मोटरसाइकिल स्टार्ट कर वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली।

 तीनों थाना सदर फिरोजपुर के रहने वाले

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपितों के कब्जे से दो ग्लॉक पिस्तौल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वरिंदर सिंह उर्फ रवि निवासी माछीवाड़ा, रंजीत सिंह उर्फ जीता निवासी बारे के और निशान सिंह उर्फ धामू निवासी बारे के रूप में हुई है। तीनों थाना सदर फिरोजपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना सदर फाजिल्का में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उक्त अवैध हथियार 4 सितंबर को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार और हेरोइन की सप्लाई में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

इसके अलावा सीमा पार बैठे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।