बारिश से कहीं राहत तो कहीं आफत, दीवार गिरने से पांच घायल
अंधेरी के कारण शहर के आसपास कई राइस मिलों की इमारतें गिर गई वहीं कई जगहों पर मकानों की छतें गिरने से नुकसान हुआ है।
संवाद सूत्र, जलालाबाद (फाजिल्का) : शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे बारिश के साथ आई आंधी ने जलालाबाद हलके में राहत के साथ-साथ आफत भी पैदा की है। अंधेरी के कारण शहर के आसपास कई राइस मिलों की इमारतें गिर गई, वहीं कई जगहों पर मकानों की छतें गिरने से नुकसान हुआ है। वहीं कई जगहों पर सड़कों पर पेड़ गिर गए, जिस कारण आवाजाही में काफी दिक्कते हुई। इसके अलावा एक मकान की दीवार गिरने से पांच लोग जख्मी हुए हैं। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे बारिश शुरू हुई और इसके साथ ही तेज हवाएं चलने लगी।
हवाओं ने अचानक से अंधेरी का रूप धारण कर लिया और इस अंधेरी के साथ शहर के काहनेवाला रोड पर एसएम इंडस्ट्रीज व एक गोदाम की दीवार गिर गई। इसके अलावा इसी रोड पर चुघ इंडस्ट्रीज के दो गोदामों को नुकसान पहुंचा व छतों पर लगी लोहे की चादरें उड़ गई। इसके अलावा आसपास के शैलरों को भी नुकसान पहुंचा।
शहरी क्षेत्र में आराईयां वाला रोड पर बाबा रामदेव मंदिर के निकट बनी दो झोंपड़ियों और चार कच्चे मकान की दीवारें भी गिर गई। जिस कारण पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों में जल्ला राम, शालू, नरवी देवी, दाखो बाई व अशन कुमार शामिल हैं। जल्ला राम व शालू को गंभीर चोटें लगने के कारण फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। तहसीलदार डीपी पांडे ने इंडस्ट्रीज और गरीब लोगों के गिरे मकानों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और निरीक्षण के बाद पटवारी को तुरंत रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी किए हैं।