मुस्कुराकर बोले सुखबीर, मैं लड़ूंगा फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव
सुखबीर सिंह बादल इस बार लोकसभा चुनावों में ताल ठोकेंगे। वे फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इस बात के संकेत खुद सुखबीर ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में दिए।
जेएनएन, अबोहर। शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल इस बार लोकसभा चुनावों में ताल ठोकेंगे। वे फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इस बात के संकेत खुद सुखबीर ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में दिए। जब उनसे सवाल किया कि क्या अब जब यह तय हो गया है कि वर्तमान सांसद शेर सिंह घुबाया को शिअद का टिकट नहीं मिलेगा तो एेसे में क्या हरसिमरत कौर बादल यहां से प्रत्याशी होंगी तो इस पर सुखबीर बाेले कि हरसिमरत कहां से चुनाव लड़ती है, इसका निर्णय पार्टी करेगी। जब उनसे पूछा गया कि फिरोजपुर से पार्टी का पार्टी का प्रत्याशी कौन होगा तो मुस्कराते हुए उन्होंनेे जवाब दिया कि मैं होउंगा यहां से प्रत्याशी।
सुखबीर बादल ने चाहे यह जवाब मजाकिया लहजे में दिया हो, लेकिन यहां राजनीतिक हलकों में यह कयास तेज हो गए हैं कि इस बार फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से बादल परिवार ही चुनाव लड़ेगा, जिसकी तैयारियां आज से शुरू हो गई हैं। सुखबीर ने आज फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र के चार हलकों बल्लुआना, अबोहर, फाजिलका व जलालाबाद का तूफानी दौरा कर वर्करों से फीडबैक लिया।
हम ही असली अकाली दल
शिरोमणि अकाली दल टकसाली के गठन पर सुखबीर बादल ने कहा कि पहले भी यहां अकाली दलों का गठन होता आया है लेकिन असली अकाली दल कौन सा है, सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा अकाली दल ही असली अकाली दल है।
पंचायत चुनावों में कांग्रेस पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कर रही धक्का
सुखबीर बादल ने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव में पुलिस व प्रशासन के साथ मिलकर धक्का कर रही है। गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर जिलों में हमारे कार्यकर्ताओं को नामाकंन ही दाखिल नहीं करने दिए। कांग्रेस वर्करों ने हमारे वर्करों के पर्चे फाड़ दिए। पुलिस ने कांग्रेसियों की शह पर हमारे वर्करों पर लाठीचार्ज किए।
वर्करों पर दर्ज हो रहे झूठे परचे
सुखबीर ने कहा कि अमरिंदर सिंह के शासन में पंजाब लावारिस हो गया है। हमारे वर्करों पर झूठे पर्चे किए जा रहे हैं। अबोहर का हवाला देते हुए उन्हाेंने कहा कि यहां से सुनील जाखड़ विधानसभा चुनाव हारने के बाद से झूठे पर्चे दर्ज करवा रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में हर कोई परेशान है। न पेंशनें आ रही हैं और न शगुन राशि मिल रही है। नहरी पानी भी किसानों को नहीं मिल रहा।