हनुमान जी के मात्र नाम जपने से मिट जाते है सभी कष्ट: स्वामी कमलानंद
मनुष्य किसी देवी-देवता से सुंदर रूप और धन-दौलत की कामना करता है लेकिन बीर बजरंगी ऐसे देव है।
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : मनुष्य किसी देवी-देवता से सुंदर रूप और धन-दौलत की कामना करता है, लेकिन बीर बजरंगी ऐसे देव हैं, जो इस कलयुग में भी व्यक्ति की हर मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। श्री हनुमान जी के मात्र नाम जपने से ही बड़े-बड़े कष्ट व रोग मिट जाते हैं। यह प्रवचन हरिद्वार से पहुंचे स्वामी कमलानंद गिरी महाराज ने दुख निवारण श्री बाला जी धाम के वार्षिकोत्सव के मौके पर आयोजित श्री राम कथा करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि मनुष्य आज डॉक्टरों के पास कई बीमारियों की दवा लेता है, लेकिन अगर हनुमान जी की शरण ले, तो उसके सभी रोग व कष्ट यूं ही खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम को मां कौशल्या स्वयं अपने हाथों से भोजन बनाकर खिलाया करती थी। जो मां अपने बच्चों की सेवा अपने हाथों से करती है वे सभी बच्चे शुभ संस्कारी होते हैं। इसलिए माताओं को अपने बच्चों का लालन-पालन खुद करना चाहिए। बच्चों को खुद हाथों से भोजन बनाकर खिलाना चाहिए, तभी वो संस्कारी बनेंगे। भोजन पर दृष्टि का बहुत बड़ा प्रभाव पड़ता है। आज पाश्चात्य संस्कृति का कुप्रभाव अपने ऊपर आ चुका है। केवल शारीरिक सौंदर्य को बचाने के नाम पर माताएं अपने बच्चों को दूध नहीं पिलाती। यह अपने बच्चों के ऊपर अत्याचार है। मां के सम्मान की रक्षा तो वही कर पाएगा, जिसने अपनी मां का दूध पिया हो, बोतल के दूध से महाराणा प्रताप या छत्रपति शिवाजी जैसे महापुरुष पैदा नहीं होंगे। इस मौके पर मंदिर कमेटी के महासचिव नरेश जुनेजा ने बताया कि दिव्य श्री राम कथा हर रोज शाम 3 से लेकर 6 बजे तक चलेगी। उक्त कार्यक्रम 13 फरवरी तक निरंतर चलेगा व 14 फरवरी शुक्रवार से 16 फरवरी रविवार तक विराट संत सम्मेलन किया जाएगा। जिसका समय शाम 6.30 बजे से लेकर रात्रि 9.30 बजे तक रखा गया है। इस आयोजन में विनोद गुप्ता, नरेश अरोड़ा, अशोक चुचरा, राकेश धवन, किरण चोपड़ा, प्रदीप धवन, रमेश लाल असीजा, डॉ. रोशन लाल ठक्कर, प्रो. आरसी बतरा, खरैत लाल छाबड़ा, अशोक डोडा, सुभाष बांसल, सोहन लाल बब्बर, नंद लाल सिगला, भारत भूषण गर्ग, डॉ. नरिदर सेठी, नत्थू राम शर्मा, विजय आर्या, सुरिदर शर्मा, जय लाल, बलराज गुप्ता दिल्ली, नरेश बांसल, विश्वास छाबड़ा बंटी, प्रैस सचिव सुधीर सिडाना व अन्य सहयोग कर रहे हैं।