पुलिस ने दिखाई सख्ती, तो किराना दुकानदारों ने बंद की सप्लाई
राशन का सामान पहुंचाने के लिए करियाना दुकानदारों की जिम्मेदारी लगाई थी।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : कोरोना वायरस का फैलाव ना हो इसलिए प्रशासन ने लोगों के घरों तक राशन का सामान पहुंचाने के लिए करियाना दुकानदारों की जिम्मेदारी लगाई थी। लेकिन इसी बीच बुधवार को फाजिल्का के सभी दुकानदारों ने घरों में राशन सप्लाई नहीं किया।
क्योंकि जिला प्रशासन ने दुकानदार के कर्मचारियों को घरों तक सामान सप्लाई करने की छूट दी थी, लेकिन मंगलवार को कई जगहों पर पुलिस ने कर्मचारियों को रोका, जिस कारण डर के मारे कर्मचारी उनके पास आए ही नहीं।
करियाना एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण जसूजा ने बताया कि 31 मार्च 2020 तक कर्फ्यू के दौरान करियाना की सप्लाई घर-घर तक बहुत बढि़या ढंग से चल रही थी। लेकिन मंगलवार को पुलिस की सख्ती होने के कारण दुकानदारों के कर्मचारी कहने लगे कि वह घर-घर सामान की सप्लाई नहीं करेंगे। जब उनको इस संबंधी पूछा गया तो कर्मचारियों ने बताया कि उनको पुलिस कर्मचारियों द्वारा बाजारों में रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों के तो जिला प्रशासन द्वारा पास बनाए गए हैं, लेकिन दुकानदार खुद तो लोगों के घरों तक राशन देने के लिए नहीं जा सकते और न ही पैकिग कर सकते हैं। इसलिए कर्मचारियों का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के घर-घर न जाने के कारण आज करियाना की सप्लाई को बंद रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंधी व्यापार मंडल और जिला प्रशासन के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डीएफएसओ से बात हो गई है, जो कर्मचारियों को पास उपलब्ध करवाएंगे। उम्मीद है कि शाम तक पास बन जाएगा। लेकिन पास के बिना कर्मचारी राशन सप्लाई नहीं करेंगे। एसोसिएशन के नेता राजन कुक्कड़ ने बताया कि यदि पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारी छोटे अधिकारियों को आदेश दें कि करियाना दुकानदारों के कर्मचारियों को न रोका जाये तो इस मुश्किल का हल निकल सकता है।