नगर निगम ने सड़क पर लगने वाली सब्जी व फलों की रेहडि़यों को हटवाया
नगर निगम ने सड़क पर लगने वाली सब्जी व फलों की रेहड़ियों पर शिकंजा कसा।
संवाद सहयोगी, अबोहर : नगर निगम ने सड़क पर लगने वाली सब्जी व फलों की रेहड़ियों पर शिकंजा कसते हुए वहां से सब्जी व फलों की रेहडियों को हटवा दिया है व इन रेहडियों को रामलीला मैदान पुरानी मार्केट कमेटी वाली जगह पर शिफ्ट कर दिया है।
दोपहर बाद जैसे ही नगर निगम की टीम ने बाजार नंबर 9, 4 के बाहर सड़क के किनारे लगने वाली रेहडियों को हटवाना शुरू किया तो रेहड़ी वालों में हडकंप मच गया और वह वहां से रेहड़ियां भगाते दिखे ताकि नगर निगम उन्हें अपने कब्जे में न ले लेकिन बाद में उन्हें जब पता चला कि यहां से रेहडियां हटवा कर रामलीला मैदान में शिफ्ट किया जा रहा है तो उन्होंने राहत की सांस ली। नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर करतार सिंह व गुरजिदर सिंह ने बताया कि कमिश्नर अभिजीत कपलिश के दिशा निर्देशों पर यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क पर रेहड़ियां लगने से जहां ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती थी वहीं यहां मंडराने वाले बेसहारा पशुओं के कारण भी हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि जहां नगर निगम द्वारा शहर को सुंदर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है तो इस तरह सड़क पर लगने वाली रेहडि़यां इसमें बाधा बन रही थीं व लोगों व वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह का अभियान दूसरे स्थानों पर भी चलाया जाएगा। इस दौरान चेतावनी दी कि आने वाले समय में और सख्ती बरती जाएगी। किसी को सड़क पर नहीं दुकान लगाने दी जाएगी।