विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरा बेटा तो छीन लिया, किसी और का लाल...', सुनील जाखड़ के सामने फूट-फूट कर रोने लगी मां, नशे से इकलौते बेटे की मौत

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:33 PM (IST)

अबोहर में नशे की ओवरडोज से बेटे की मौत के बाद मां ने न्याय की गुहार लगाई, कहा पुलिस ने पहले शिकायत पर सुनवाई नहीं की।

सुनील जाखड़ के सामने फूट-फूट कर रोने लगी मां। फोटो जागरण

सुनील जाखड़ के सामने फूट-फूट कर रोने लगी मां। फोटो जागरण

HighLights

  1. अबोहर में 22 वर्षीय लवप्रीत की नशे से मौत हुई।

  2. मां ने पुलिस पर पहले शिकायत न सुनने का आरोप लगाया।

  3. सुनील जाखड़ ने पंजाब सरकार को नशे के लिए जिम्मेदार ठहराया।

संवाद सहयोगी, अबोहर (फाजिल्का)। मेरा बेटा तो नशे ने छीन लिया, लेकिन किसी और मां का लाल इस कारण न जाए। इस पर अंकुश लगाओ। चीख-चीख कर यह पुकार कर रही थी नानक नगरी निवासी एक बेबस मां।

गौरतलब है कि अबोहर के नानक नगरी गली की नंबर 6 निवासी 22 साल के लवप्रीत का शव करीब 4 दिन पहले पंजपीर टिब्बा के निकट झाड़ियों से मिला था। परिजनों ने नशा की ओवरडोज से उसकी मौत होने के कथित आरोप लगाए थे। अब परिवार में मां और उनकी दो बेटियां है।

शनिवार को भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील कुमार जाखड़ पीड़ित परिवार का दुख साझा करने पहुंचे तो मां के सब्र का बांध टूट गया। परिवार ने रोते हुए सुनील जाखड़ को बताया कि सरेआम नशा बिकने की शिकायत वह पहले भी पुलिस से करते रहे। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।

मां ने रोते हुए कहा कि पुलिस पहले सुनवाई कर नशा बेचने वालों को पकड़ लेती तो शायद उसके बेटे की जान बच जाती।

जाखड़ ने पंजाब सरकार को बताया जिम्मेदार

सुनील जाखड़ ने पीड़ित परिवार संग दुख साझा करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। उन्होंनें कहा कि परिवार के जवान बेटे की मौत का उन्हें बेहद अफसोस है। अब मां-बेटी ने नशे से मौत की बात चंडीगढ़ तक पहुंचाई है, इसके लिए उनकी हिम्मत की दाद देते हैं।

सुनील जाखड़ ने प्रदेश में बढ़ रहे नशे के लिए पंजाब सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने खुद ही गुंडे पाल रखे हैं, जिनको काबू करने से पुलिस भी डरती है। आपराधिक किस्म के लोगों को राजनीति में शामिल किया जा रहा है।

परिवार के साथ बीजेपी खड़ी है

पंजाब में बिगड़ी कानून-व्यवस्था के लिए सरकार जिम्मेवार है। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को गुंडा तत्व जान से मार रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हाल ही में गिद्दड़ावाली में हुई घटना का जिक्र किया।

समय आने पर सब का हिसाब होगा। जाखड़ ने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ पूरी भाजपा टीम और वे खुद कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। इस मौके पर उनके साथ विधायक संदीप जाखड, नीरज सचदेवा, संजीव चाहर आदि मौजूद थे।