पत्नी पर टिप्पणी करने वाले दोस्त को घर में घुसकर हथियारों से काटा, अस्पताल में मौत
प्रिंस की भाभी परमजीत कौर ने बताया कि रात 11 बजे परिवार घर में बैठा था। इस दौरान घर का दरवाजा खुला और 5-6 लोग अंदर आ गए। उनके पास तेजधार हथियार मौजूद थे। आते ही उन्होंने प्रिंस को बाहर ले जाकर हथियारों के साथ हमला करके घायल कर दिया।
जलालाबाद (फाजिल्का), जेएनएन। शहर की गोबिंद नगरी में रविवार रात गुंडागर्दी ने सभी हदें पार कर दीं। घर में घुसकर कुछ लोगों ने चारपाई पर सौ रहे प्रिंस पर हथियारों से हमला कर दिया। शोर सुनकर पारिवारिक सदस्य उसे बचाने के लिए आगे आए तो हमला करने वालों ने उन्हें भगा दिया और युवक की पिटाई जारी रखी। शोर मचाने पर हमलावर वहां से भाग गए। इसके बाद परिवार ने प्रिंस को सिविल अस्पताल जलालाबाद में भर्ती करवाया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसको फरीदकोट के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी अस्पताल में मौत हो गई।
घर में मौजूद मृतक प्रिंस (23वर्षीय) की भाभी परमजीत कौर ने बताया कि रात करीब 11 बजे सारा परिवार घर में बैठा था। इस दौरान घर का दरवाजा खुला और 5-6 लोग अंदर आ गए। उनके पास तेजधार हथियार मौजूद थे। आते ही उन्होंने प्रिंस को बाहर ले जाकर हथियारों के साथ हमला करके घायल कर दिया। जब शोर मचाया तो प्रिंस के शरीर में काफी खून बह रहा था और हमलावर फरार हो गए। इसके बाद मोहल्ला निवासियों के सहयोग के साथ प्रिंस को घायलावस्था में अस्पताल ले जाया गया। उसने बताया कि प्रिंस एक राइस मिल पर बतौर लेबर का काम करता था।
मां बोली, बेटे को बचाने आई तो पीछे ढकेल दिया
अस्पताल में मृतक की मां मनजीत कौर ने बताया कि गुरप्रीत नामक युवक अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और उसने बेटे प्रिंस को बाहर खींच लिया और साथियों सहित हमला शुरू दिया। इसी दौरान जब वह अपने बेटे के बचाव के लिए आगे आई, तो उसने उसे पीछे धकेल दिया। इस दौरान उन्होंने उसके बेटे के उपर काफी तेजधार हथियारों से वार किए और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
रंजिश के बारे में उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसके लड़के ने गुरप्रीत को दोस्त होने के नाते उसकी पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध के बारे में कहा था। इस बात का गुरप्रीत ने गुस्सा कर लिया और उसने कहा कि उसकी पत्नी को प्रिंस बदनामी करता है। इसी रंजिश की वजह से उसने साथियों के साथ मिलकर उसे जख्मी किया, जिसकी बाद में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की मां के बयानों पर कार्रवाई करते हुए उसने गुरप्रीत सिंह व उसके तीन साथियों के खिलाफ धारा 302 व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।