किसान मजदूर कमेटी ने सिविल अस्पताल प्रशासन का पुतला फूंका
किसान-मजदूर मुलाजिम तालमेल संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने सरकारी अस्पताल के समक्ष धरना लगाया
जागरण संवाददाता, अबोहर : किसान-मजदूर मुलाजिम तालमेल संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने सरकारी अस्पताल के समक्ष धरना लगाया और शहर में रोष मार्च निकालने के बाद रोटरी चौक नई सड़क अस्पताल प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकारी अस्पताल के ठेका कर्मचारियों की रोकी गई तनख्वाहें जारी करने तथा काम पर रखने की मांग की।
संघर्ष कमेटी के सचिव जरनैल सिंह ने बताया कि अस्पताल के ठेका कर्मचारियों की तनख्वाह जारी करवाने और उन्हें बहाल करवाने के लिए एसएमओ, सिविल सर्जन व एसडीएम से कई बार मिलकर मसले का हल करने को कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एसडीएम व एसएमओ ने अस्पताल के ठेकेदार को उक्त कर्मचारियों को बहाल करने को कहा है, लेकिन उनकी भी बात नहीं मानी। जिसके विरोध स्वरूप यह धरना प्रदर्शन किया गया है। अगर शीघ्र कर्मचारियों की रोकी गई तनख्वाहें जारी न की तो संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारी पक्के किए जाएं, कर्मचारियों की छंटाई बंद की जाए। धरना प्रदर्शन के बाद शहर में रोष मार्च निकाला गया और पुतला फूंका गया। इस मौके पर कृष्ण घायल, भूपेंद्र सिंह, गुरमेज गेजी, जरनैल सिंह, हरदीप सिंह, शंकर दास, जगत सिंह, निर्मल कुमार, महावीर सिंह, नोपाराम मौजूद थे।