विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: जलालाबाद में DSP ऑफिस के पास फायरिंग, पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया; पिस्टल बरामद

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:32 AM (IST)

फाजिल्का के जलालाबाद में डीएसपी कार्यालय के पास शरारती तत्वों ने गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और एक पिस्तौल बरामद की।

HighLights

  1. जलालाबाद डीएसपी कार्यालय के निकट हुई फायरिंग की घटना

  2. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो युवकों को हिरासत में लिया

  3. मौके से एक पिस्तौल बरामद, अन्य संदिग्धों की तलाश जारी

जागरण संवाददाता, फाजिल्का। फाजिल्का के अंतर्गत जलालाबाद में वीरवार देर शाम डीएसपी कार्यालय के निकट शरारती तत्वों ने गोली चला दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार कुछ युवक एक अन्य बाइक पर सवार दो युवकों का पीछा कर रहे थे।

पीछा करते हुए जब वह डीएसपी कार्यालय के निकट पहुंचे, तो वहां फारिग की गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को राउंडअप किया है।

थाना सिटी जलालाबाद के एसएचओ मोहित धवन ने बताया कि वीरवार शाम करीब 6:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल बत्ती चौक के पास कुछ युवक हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवकों के डीएसपी कार्यालय के निकट पहुंचने और वहां एक राउंड फायर होने की सूचना मिली। एसएचओ के अनुसार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को राउंडअप कर लिया।

मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। इसके अलावा मामले में शामिल चार से पांच अन्य लोगों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि क्या दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद हुआ और किस बात को लेकर। इसके अलावा फायरिंग किस पिस्टल से और किसने की इसकी भी जांच जारी है।