हस्तशिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से पंजाब राज्य समाज कल्याण बोर्ड चंडीगढ़ की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलालाबाद में हस्तशिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
संवाद सूत्र, जलालाबाद (फाजिल्का) : हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से पंजाब राज्य समाज कल्याण बोर्ड चंडीगढ़ की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलालाबाद में हस्तशिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। दशमेश नगर में चार माह के हस्तशिल्प तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन बुधवार को सहायक निदेशक हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार अमर ज्योति शर्मा व पंजाब राज्य समाज कल्याण बोर्ड चंडीगढ़ के सचिव अभिषेक ने किया।
इस प्रशिक्षण केंद्र में चार माह तक 20 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। इस मौके सहायक निर्देशक अमर ज्योति शर्मा ने महिलाओं को बाजार से जोड़ने के लिए क्राफ्ट बाजार आदि में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जिस कारीगर के पास हस्तशिल्प पहचान पत्र है उसे इन बाजारों में निश्शुल्क दुकान आवंटित की जाएगी। इसके अलावा आने जाने का किराया भी हस्तशिल्प को उपलब्ध करवाया जाएगा। इस मौके पर चाइल्ड लाइन फाजिल्का के प्रोजेक्ट डायरेक्टर दयाल चंद व प्रोजेक्ट को-आर्डिनेटर फूल चंद अपनी टीम के साथ विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने बताया कि चाइल्ड लाईन 1098 महिलाओं व बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से बच्चों की मदद के लिए 24 घंटे सात दिन चलने वाला टोल फ्री सेवा है। बच्चों को मुसीबत में फंसा देखकर आप 1098 पर काल कर उनकी मदद कर सकते हैं।